मेरठ में सिर्फ 8 लाख में मिल रहा फ्लैट, अब 31 मार्च तक कर सकते हैं अप्लाई

मेरठ आवास विकास परिषद की फ्लैट योजना की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 मार्च 2026 कर दी गई है. फ्लैटों की कीमत 8 लाख रुपये से लेकर 40 लाख रुपये तक तय की गई है. एफ-32 फ्लैट की कीमत 8 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि एफ-57 की कीमत करीब 19 लाख रुपये और एफ-64 की कीमत 21 लाख रुपये निर्धारित है.

मेरठ में सिर्फ 8 लाख में मिल रहा फ्लैट, अब 31 मार्च तक कर सकते हैं अप्लाई Image Credit:

मेरठ के लोगों के लिए अपना घर खरीदने का सुनहरा मौका अभी खत्म नहीं हुआ है. उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देश पर मेरठ आवास विकास परिषद की फ्लैट योजना की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 मार्च 2026 कर दी गई है. ऐसे लोग जो किसी कारण से तय समय में आवेदन नहीं कर पाए थे, उनके लिए यह राहत भरी खबर है. योजना का मकसद ज्यादा से ज्यादा परिवारों को अपने आशियाने का सपना पूरा करने का अवसर देना है. ऐसे में अब तिथि को बढ़ा दिया गया है.

मेरठ आवास विकास के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जागृति विहार एक्सटेंशन में 1 बीएचके और 2 बीएचके फ्लैट ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इच्छुक आवेदक विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. बुकिंग के समय फ्लैट की कुल कीमत का 5 प्रतिशत जमा करना होगा, जो बाद में मूल राशि में समाहित कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि एफ-32, एफ-57 और एफ-64 श्रेणी के फ्लैट उपलब्ध हैं.

जल्दी पैसा देने पर मिलेगी छूट

योजना की खास बात यह है कि एकमुश्त भुगतान करने पर आकर्षक छूट दी जा रही है. अगर उपभोक्ता बुकिंग के बाद 60 दिनों के भीतर पूरी राशि का भुगतान करता है तो 15 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी. वहीं 90 दिनों के भीतर पूर्ण भुगतान करने पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ दिया जाएगा. हालांकि किस्तों में फ्लैट लेने वाले आवेदकों को छूट का लाभ नहीं मिलेगा. आवास विकास परिषद ने फ्लैट देखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है.

सरकारी कर्मचारियों को सहूलियत

जो लोग खरीद से पहले मौके पर जाकर फ्लैट देखना चाहते हैं, वे जागृति विहार एक्सटेंशन पहुंचकर देख सकते हैं. इसके अलावा किस्तों पर खरीद की सुविधा भी दी गई है. सामान्य आवेदक 50 प्रतिशत राशि जमा कर कब्जा ले सकते हैं और शेष रकम किस्तों में चुका सकते हैं. सरकारी कर्मचारियों को विशेष सहूलियत देते हुए 25 प्रतिशत राशि जमा करने पर ही कब्जा देने का प्रावधान किया गया है. शेष राशि पर 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से किस्तें लागू होंगी.

8 लाख रुपये में मिल रहा है फ्लैट

फ्लैटों की कीमत 8 लाख रुपये से लेकर 40 लाख रुपये तक तय की गई है. एफ-32 फ्लैट की कीमत 8 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि एफ-57 की कीमत करीब 19 लाख रुपये और एफ-64 की कीमत 21 लाख रुपये निर्धारित है. अधिक जानकारी के लिए आवेदक आवास विकास परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.