मेरठ में आधी रात को कपड़ा कारोबारी के घर में लगी आग, एक ही परिवार के 5 बच्चों समेत 6 लोग जिंदा जले

मेरठ में कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद के घर में आग लग गई. इस हादसे में उनके परिवार के 5 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं, आग में झुलसने के चलते दो अन्य लोग अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

मेरठ में कपड़ा कारोबारी के घर लगी आग

मेरठ में आधी रात को बड़ा हादसा हो गया. लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद के मकान में भीषण आग लग गई. इस हादसे में झुलसने और दम घुटने से एक ही परिवार के 5 बच्चों और एक महिला की मौत हो गई. घटना के वक्त इकबाल अहमद और उनके दो बेटे आसिम व फारूक तरावीह मकान में मौजूद नहीं थे. वे नमाज पढ़ने मस्जिद गए हुए थे.

इस हादसे में रुखसार (30) पत्नी आसिम, अद्दस (3) पुत्र आसिम, नबिया (6 माह) पुत्री आसिम, इनायत ( 6 माह) पुत्री आसिम, महविश (12) पुत्री फारूक, हम्माद (4) पुत्र फारूख समेत 6 लोगों की मौत हुई है. आग में झुलसने के चलते दो और लोग अमीर बानो और एक अन्य युवक शहजाद अस्पताल में भर्ती हैं. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

रात तकरीबन 9.30 मिनट पर लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग रात तकरीबन 9.30 मिनट पर लगी. देखते ही देखते हुए लपटें भयानक हो गईं और पूरे घर को अपनी जद में ले लिया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन घनी आबादी और संकरी गलियों के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटना स्थल पर पहुंचने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया

फिलहाल, स्थानीय लोगों और सूचना ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू तो पा लिया. हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण लग रहा है.

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में गोदाम संचालित होने और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण हादसा बड़ा रूप ले बैठा. प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है.