नोएडा से लखनऊ तक बढ़ी गर्मी, 36°C पार पहुंचा तापमान; जानें आज का मौसम

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दी है, जहां नोएडा से लखनऊ तक तापमान 36°C पार कर गया है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ रहा है. मार्च के पहले सप्ताह में ही तेज धूप परेशान करने लगी है, जिससे दोपहर में सड़कों पर आवाजाही कम हुई है.

यूपी के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में गर्मी की शुरूआत हो चुकी है. नोएडा-गाजियाबाद से लेकर लखनऊ-अयोध्या तक मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है. दिन के साथ ही रात के तापमान में भी इजाफा होने लगा है. दिन के चढ़ने के साथ ही धूप बर्दाश्त के बाहर हो जा रही है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में तापमान सामान्य स्तर को पार कर गया है. कई जिलों में तो शनिवार को तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार गर्मी थोड़ी जल्दी आ गई है. मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी तेवर दिखाने लगी है. सुबह के समय तो मौसम सुहाना रह रहा है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तल्ख धूप होने लगी है. इसकी वजह से दोपहर के वक्त सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो जा रही है. वहीं बच्चों को स्कूल से लाते समय लोग छतरियां तक इस्तेमाल करने लगे हैं.

36 डिग्री पार जा सकता है राजधानी का तापमान

राजधानी के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक लखनऊ में आज तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. चटखदार धूप होगी. दोपहर के वक्त आसमान में थोड़े बहुत बादल दिख सकते हैं, लेकिन इससे गर्मी से कोई राहत मिलने के आसार नहीं है. आज राजधानी में न्यूनतम तापमान भी 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं. इसी प्रकार आर्द्रता करीब 70 प्रतिशत के आसपास रह सकती है.

पूर्वांचल बुंदेलखंड ज्यादा गर्म

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उतर प्रदेश में गाजीपुर-बनारस से लेकर प्रयागराज कानपुर तक का मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा. इसी प्रकार बुंदेलखंड में झांसी का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. इन सभी जिलों में मौसम विभाग ने 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की उम्मीद जाहिर की है. इसी प्रकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा में 35 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने की संभावना है.

इन जिलों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों आज रात से मौसम बदल सकता है. खासतौर पर गोरखपुर, मऊ और आजमगढ़ आदि जिलों में सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि प्रदेश में कहीं भी आंधी तूफान का अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दो दिनों बाद पूर्वांचल में भी तेजी से गर्मी बढ़ सकती है.