’10 रुपये का बिस्कुट’ वाले शादाब जकाती पर आरोप लगाने वाली महिला पलटी, कहा- वो मेरे भाई जैसे
यूट्यूबर शादाब जकाती पर आरोप लगाने वाली महिला अब अपने बयान से पलट गई है. महिला ने अब केस वापस लेने की बात कही है. महिला का कहना है कि उसको कुछ लोगों ने भड़काया था. इसके बाद ही उसने शादाब पर झूठे आरोप लगाए थे.
’10 रुपये वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी’ के डायलॉग से मशहूर हुए मेरठ के इंचौली के रहने वाले शादाब जकाती पर आरोप लगाने वाली महिला अपने आरोपों से पलट गई है. कैमरे के सामने खुद शादाब जकाती और आरोप लगाने वाली महिला आए. महिला ने शादाब जकाती से माफी मांगी. शादाब जकाती ने महिला को माफ भी कर दिया. दोनों का लिखित समझौता भी हुआ है, जो अब थाने में जमा करने की बात कर रहे हैं.
लोगों के भड़काने पर लगाया शादाब पर आरोप-महिला
महिला ने अपना केस वापस लेने की बात कही है. महिला का कहना है कि उसको कुछ लोगों ने भड़काया था. इसके बाद ही उसने शादाब पर गंभीर आरोप लगाए थे. अब देखना है कि कोर्ट और पुलिस उनके समझौते को मानती है और आगे क्या कार्रवाई करती है. बता दें कि यूट्यूबर शादाब जकाती पर आरोप लगाने वाली महिला मूल रूप से झारखंड की है और वह मजदूरी का काम करती थी.
महिला ने पहले क्या लगाया था आरोप
महिला ने शारीरिक शोषण का भी आरोप लगाते हुए कहा था कि ‘वो टाइल पत्थर की मजदूरी का काम करती थी और उसका पति बैटरी का काम करता था . वह यूट्यूब पर रील आदि बनाने लगी और फिर शादाब जकाती के संपर्क में आ गई. इसी दौरान बाद शादाब जकाती ने उसका शारीरिक शोषण भी किया. पुलिस ने महिला की तहरीर पर शादाब जकाती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था . हालांकि अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.
महिला ने खुर्शीद पर लगाया भड़काने का आरोप
अब 23 मार्च को को शादाब जकाती और महिला सामने आए. महिला ने अपने सभी आरोप वापस लेने की बात कही. महिला ने कहा कि वह हाथ जोड़कर शादाब जगती से माफी मांगती है . यह सब खुर्शीद ने कराया है. उसने ही राहुल ठाकुर से मिलवाया और मुझे डरा धमकाकर यह कराया गया है . मैं शादाब को भाई मानती थी. यह भी बहन मानते थे . मैंने बहुत गलत किया उनके साथ. सभी आरोप झूठे लगाए गए थे मैंने.
शादाब ने कहा-मैंने इसको छुआ तक नहीं कभी
महिला ने आगे कहा कि ‘यह मेरे भाई हैं कल भी थे और आज भी है. मेरे दिल में उनके लिए भाई वाली इज्जत है . इन्होंने कुछ नहीं किया मेरे साथ. मैं अपनी मर्जी से समझौता कर रही हूं, मैं अपनी मर्जी से केस वापस ले रही हूं ‘.वीडियो में शादाब जकाती भी यह कहते दिख रहे हैं. कि मेरी आंखों में आंसू आ रहे हैं. मैंने लोगों की बहुत मदद करी है . मैंने इसके बच्चे का एडमिशन भी कराया था. मैंने कभी इसको छुआ भी नहीं. मैं तो बहन मानता हूं .
शादाब ने कहा-मैंने इसको दिल से माफ किया
शादाब ने आगे कहा कि इसके ऊपर कोई परेशानी आई है तो मैं हमेशा इसकी परेशानी में साथ खड़ा रहा हूं. यह दुनिया बहुत बेकार दुनिया है. हम मेहनत करके पहुंचे हैं यहां तक. शादाब ने आगे कहा कि जब मेरे पर इल्जाम लगाए गए मेरे पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई . मैंने अपनी ईद भी घर की नहीं करी है. मैं 1 महीने से अपने बच्चों से नहीं मिल पाया हूं. यह मेरे पास आकर रोई और मैंने इसको माफ कर दिया. इन्होंने अपनी गलती मान ली.
शादाब ने खुर्शीद पर लगाया साजिश का आरोप
शादाब ने कहना है कि मुझे प्रसिद्धि से लोग जल रहे हैं. जीने नहीं दे रहे हैं. मैं यहां तक मेहनत करके पहुंचा हूं . मैं चोरी नहीं कर रहा ,हराम नहीं ले रहा. यह यहां खड़ी है मैं दिल से माफ कर रहा हूं. शादाब ने कहा कि खुर्शीद ने खुद ही अपनी बीवी से वीडियो बनवाने शुरू किए थे. फिर भी मेरे खिलाफ साजिश को अंजाम दिया था. अब इस महिला को भड़का कर मुझे फंसाने की कोशिश की.
