YouTube पर ‘सीक्रेट हाउस गेम’ देखा, फिर घर से गायब हो गए दो बच्चे; 24 घंटे छिपने का था चैलेंज

मेरठ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां यूट्यूब के '24 घंटे हाइडिंग चैलेंज' से प्रभावित होकर दो बच्चे घर से लापता हो गए. परिजनों के तलाशने के बाद बी बच्चें नहीं मिले तो पुलिस को सूचित किया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें एक सुनसान फार्महाउस से सुरक्षित ढूंढ निकाला.

सांकेतिक तस्वीर

मेरठ में ऑनलाइन वीडियो के प्रभाव से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 11 और 7 साल के दो बच्चे YouTube पर ‘सीक्रेट हाउस’ से जुड़ा वीडियो देखने के बाद घर से निकल गए. दोनों ने गेम की तरह खुद भी 24 घंटे तक छिपे रहने का चैलेंज लेने का फैसला किया. बच्चों के अचानक लापता होने से उनके परिवार में अफरा-तफरी मच गई.

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और कुछ ही देर में दोनों बच्चों को सुरक्षित खोज लिया. जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे हस्तिनापुर के बी-ब्लॉक इलाके में रहते हैं. रविवार दोपहर दोनों अचानक घर से बाहर चले गए और काफी समय तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उन्हें तलाशा, इसके बाद पुलिस को सूचना दी थी.

फार्महाउस के पास सुनसान जगह पर छिपे

परिजनों की ओर से मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और मिशन शक्ति टीम सक्रिय हो गई. मवाना के क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया के मुताबिक, टीम ने अलग-अलग स्थानों पर बच्चों की तलाश शुरू की. करीब दो घंटे की कोशिश के बाद दोनों बच्चे एक फार्महाउस के नजदीक सुनसान स्थान पर मिल गए.

पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित अपने साथ लिया और उनसे पूछताछ की. इस दौरान बच्चों ने बताया कि उन्होंने YouTube पर ऐसा वीडियो देखा था, जिसमें लोग एक गुप्त जगह तैयार करके वहां लंबे समय तक छिपने का चैलेंज लेते हैं. उसी वीडियो को देखकर दोनों ने भी घर से निकलकर यह खेल खेलने की योजना बनाई थी.

वीडियो की नकल में उठाया बड़ा कदम

बच्चों ने जिस जगह को चुना था, वह घर से दूर और अपेक्षाकृत सुनसान थी. दोनों का इरादा वहां छिपकर 24 घंटे पूरे करने का था।.हालांकि परिवार की समय रहते सूचना और पुलिस की सक्रियता के कारण दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

इस घटना के बाद बच्चों के ऑनलाइन वीडियो देखने और सोशल मीडिया कंटेंट की नकल करने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. विशेषज्ञों की सलाह है कि अभिभावक बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें यह समझाएं कि इंटरनेट पर दिखने वाले हर चैलेंज को वास्तविक जीवन में दोहराना सुरक्षित नहीं होता.

Follow Us