‘हर 10 मिनट पर आ रही मिसाइल’, दुबई-इजराइल में फंसे मिर्जापुर के मजदूरों ने परिजनों से बताया
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध जारी है. इसमें इजराइल और खाड़ी देशों में लगातार मिसाइल दागे जा रहे हैं. मिर्जापुर के कई मजदूर इजराइल और दुबई जैसे युद्धग्रस्त क्षेत्रों में काम कर रहे हैं. परिजनों से फोन पर बातचीत में उन्होंने बताया कि यहां हर 10 मिनट पर मिसाइल हमले हो रहे हैं.
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच हो रहे युद्ध को लेकर पूरा विश्व टीवी पर निगाहें बनाया हुआ है, तो वही उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के एक ही गांव के रहने वाले लगभग 50 लोग अरब के UAE, इजराइल और सऊदी अरब में काम करने गए हैं. यह लोग दुबई और अबू धाबी और इजराइल जैसे युद्धग्रस्त क्षेत्रों में मजदूरी का कार्य करते हैं.
पिछले दो दिनों से अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले से इन परिवार वालो में चिंता बढ़ गई है. हालांकि राहत की बात यह कि दुबई से परिवार के लोग लगातार फोन के जरिये संपर्क में बने है. परिवार वालों को कहना है की बात हर दिन हो रही है, सुरक्षित अपने को बता रहे हैं. कुछ कंपनियां बंद चल रही हैं लेकिन हम लोगों को चिंता सता रही है.
पति से फोन पर बात होती है, मगर डर है
मिर्जापुर कछवा थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव के लगभग 50 लोग इस समय मजदूरी के लिए अरब देशों और इजराइल गये हुए है. गांव के ही रहने वाले अखिलेश कुमार के भाई राजू और दो भतीजे आदर्श और आशीष दुबई रहते है. राजू की पत्नी इंदु मति का पति की चर्चा होते ही रो पड़ती है, वह कहती है कि पति से फोन पर बात हो रही है मगर उनकी चिंता लगी रहती है.
वही भाई अखिलेश का कहना है फोन पर उन लोगो ने बताया कि वह लोग ठीक है कोई परेसानी नहीं है, सुरक्षित है. यही हाल इस गांव के रहने वाले शिव नरेश का भी है. इनके बेटे पंकज कुमार इजराइल में रहते है फोन आया तो उन्होंने बताया कि लागातर सायरन बज रहे है. हर 10 मिनट पर मिसाइल हमला हो रहा है मगर हम लोग सुरक्षित है.
दुबई में हमलों की आवाजें, धुएं के गुबार
ईरान-इस्राइल युद्ध की आहट से खाड़ी में रह रहे सोनभद्र के परिवारों की भी चिंता बढ़ गई है. यहां के करीब 300 से अधिक लोग दुबई, सऊदी अरब और अबू धाबी समेत विभिन्न देशों में रोजगार के लिए गए हैं. म्योरपुर क्षेत्र के खैराही गांव निवासी रवींद्र दुबे दुबई में सिविल इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि यहां अलर्ट जारी कर सतर्क रहने को कहा है.
उनके निवास स्थान से करीब 40 किलोमीटर दूर मिसाइल हमलों की आवाजें सुनाई दीं और आसमान में धुएं के गुबार दिखाई दिए. एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया. सऊदी अरब के दम्माम में कार्यरत कुदरी गांव निवासी मनोज गुप्ता ने बताया कि पूरा क्षेत्र हाई अलर्ट पर है. अपने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं.
