‘ठंड लग रही, स्वेटर खरीद दीजिए’ …इधर कपड़े खरीदने गया दूल्हा, उधर भागने लगी दुल्हन, पकड़े जाने पर हुए ये बड़ा खुलासा
मिर्जापुर में शादी कराने की लालच देकर लोगों को लुटने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है. लुटेरी दुल्हन समेत इस गिरोह के 6 सदस्य पुलिस के गिरफ्त है. हालांकि, मुख्य सरगना अजीत अब भी फरार है.
मिर्जापुर पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों से धन उगाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक लुटेरी दुल्हन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह गांव की भोली-भाली लड़कियों को दो से तीन हजार रुपये का लालच देकर दुल्हन बनने के लिए तैयार करता था. फिर दूरदराज के लोगों को फंसा, उनसे 2 से 3 लाख रुपये वसूलता था.
दरअसल, आगरा के ट्रांस जमुना कॉलोनी, एत्माददौला के रहने वाले अखिलेश से गिरोह के अजीत ने संपर्क कर शादी का झांसा दिया. तय योजना के तहत दूल्हे की मां मीरा देवी और पति अखिलेश अपने बेटे सचिन को लेकर सोमवार यानी 09 फरवरी को मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के भागलपुर गांव पहुंचे. शादी की तैयारियों, कपड़े और आभूषण खरीदने के नाम पर गिरोह के सदस्यों ने उनसे डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिया.
स्वेटर खरीदने गया दूल्हे का परिवार, भागने लगी दुल्हन
शाम को विशुनपुरा गांव स्थित एक छोटे मंदिर ले जाकर पहले से मौजूद लड़की से शादी करा दी गई. सभी ऑटो से मिर्जापुर के लिए आ रहे थे. रास्ते में नदीहार बाजार पहुंचने पर दुल्हन ने दूल्हे से कहा ठंड लग रही हैं स्वेटर खरीद दीजिये. जब लोग स्वेटर खरीदने गए तो मौका पाकर दुल्हन भागने लगी. हालांकि, दूल्हन पक्ष ने लड़की के मंसूबों को सफल नहीं होने दिया.
दोनों पक्षों में हुई मारपीट
दुल्हन और दूल्हे पक्ष में बीच सड़क पर ही मारपीट हो गई. किसी ने इसकी सूचना पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ किया तो ठग गिरोह का खुलासा हुआ. पुलिस ने दुल्हन मनीषा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 30 हजार रुपये बरामद कर लिया. हालांकि, गिरोह का सरगना अजीत अब भी फरार है.
कई लोगों को लूट चुका था ये गिरोह
राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शादी कराने के नाम पर लोगों से धन उगाही करने वाले गिरोह को पकड़ा गया है. दुल्हन समेत 6 को गिरफ्तार किया गया है. फरार सरगना अजीत की तलाश जारी है. उसे भी पकड़ लिया जाएगा. इन लोगों ने कई लोगों को इसी तरह से झांसा देकर लाखों रुपये लूट रखे हैं.
