मिर्जापुर क्रेशर प्लांट में बड़ा हादसा, 4 मजदूरों की मौत; मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक क्रेशर प्लांट ढहने से भीषण हादसा हो गया, जिसमें चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा ब्लास्टिंग के दौरान हुए कंपन के कारण हुआ. प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.

क्रेशर प्लांट ढहने से चार मजदूरों की मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित क्रेशर प्लांट पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां क्रेशर प्लांट ढहने से चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई. मृतक चारों मजदूर सोनभद्र जिले के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि यह हादसा ब्लास्टिंग के दौरान कंपन की वजह से हुआ. फिलहाल सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारो मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौतीदेई स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट में शनिवार को भीषण हादसा हुआ. ब्लास्टिंग के कंपन के कारण पूरा क्रेशर प्लांट ही ढह गया. उसमें काम कर रहे चार मजदूर मलबे में दब गए. इससे मौके पर चीख पुकार मच गई. प्लांट में अफरातफरी का माहौल हो गया. दबे सभी मजदूरों को कर्मचारी और मालिक ने जेसीबी की मदद से बाहर निकाल कर वाराणसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है.

मौके पर पहुंचे अधिकारी

सूचना मिलते ही चुनार एसडीएम अनेग सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों की दबे होने की आशंका को देखते हुए जेसीबी और पोकलैंड की मदद से प्लांट पर गिरे मलबे को हटवाया. बताया जा रहा एसएस रंजन स्टोन प्लांट के संचालक पिंटू सिंह है. इस प्लांट में सोनभद्र जनपद के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा गांव के रहने वाले लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन हर दिन की तरह काम कर रहे थे. अचानक ब्लास्टिंग के समय कंपन होने पर प्लांट का ऑफिस और अन्य निर्माण हुए भरभरा कर गिर गया. इसके चपेट में आने से यह चारों मजदूर दब गए.

जांच में जुटा प्रशासन

चुनार एसडीएम अनेग सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी मो. फहीम और अहरौरा थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद प्लांट मलिक से बात कर सभी शव को मंगवाया और मजदूरों की दबे होने का अशंका को देखते हुए मलबा जेसीबी से हटवाया. एसडीएम अनेग सिंह के मुताबिक चार मजदूरों की दबकर मौत हुई है घटना की जांच की जा रही है. जो दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us