प्रेरणा उत्सव में मिर्जापुर के लक्ष्मी और शुभम का चयन, PM के गृहनगर में बढ़ाएंगे प्रदेश का मान
मिर्ज़ापुर के लक्ष्मी और शुभम को प्रधानमंत्री के गृह नगर गुजरात के वड़नगर में होने वाले 'प्रेरणा उत्सव' में प्रतिभाग करने के लिए चुना गया है. सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले दोनों छात्र 23 से 29 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे. यह उनके और जिले के लिए गर्व का क्षण है.
मिर्जापुर के दो होनहार छात्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह नगर गुजरात के वडनगर में आयोजित होने वाले ‘प्रेरणा उत्सव’ में प्रतिभाग करेंगे. पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, ककरद, मड़िहान की छात्रा लक्ष्मी और राजकीय हाईस्कूल, दुबारकलां, लालगंज के छात्र शुभम का इस कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है. दोनों छात्र 23 से 29 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले प्रेरणा उत्सव में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे.
दोनों छात्रों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 21 अगस्त को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होना है. छात्रों के साथ पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, ककरद की सहायक अध्यापिका रंजना मौर्या को महिला मार्ग अनुरक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है. वहीं, दोनों के चयन से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है.
मजदूर की बेटी लक्ष्मी का बड़ा मुकाम
मड़िहान तहसील के ककरद गांव निवासी लक्ष्मी गरीब परिवार से आती हैं. उनके पिता मुखलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. दो भाइयों और एक बहन में लक्ष्मी सबसे बड़ी हैं. परिवार की सीमित आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्मी ने पढ़ाई में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अब उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में हुआ है.
लक्ष्मी के चयन की जानकारी मिलने के बाद चूल्हे पर रोटी सेंककर अपनी बेटी को मुकाम देने वाली मां बबीता सरोज की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े. परिवार के लिए यह उपलब्धि खास है, उनकी बेटी अब अपने प्रदेश का नाम रोशन करेगी. लक्ष्मी के स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लक्ष्मी कक्षा 8 में पढ़ती है और बहुत ही प्रतिभावान छात्रा है.
किसान के बेटे हैं शुभम, शिक्षकों ने दी बधाई
जवाहर नवोदय विद्यालय, पटेहरा कला की ओर से जारी चयन सूची में लक्ष्मी के अलावा, जिले के ही एक अन्य छात्र शुभम का नाम भी शामिल है. लालगंज तहसील के राजकीय हाईस्कूल, दुबारकलां के 9वीं के छात्र शुभम का भी प्रेरणा उत्सव के लिए चयन हुआ है. स्कूल के प्रधानाध्यापक विमल चंद्र यादव के मुताबिक शुभम, किसान सुरेंद्र कुमार का बेटा है.
सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले शुभम की इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है. लक्ष्मी और शुभम के चयन पर दोनों के स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने खुशी जताई और दोनों छात्रों को बधाई दी. शिक्षक शुभांशु सिंह, खेल शिक्षक योगेश कुमार सिंह और खेल शिक्षक गौरी शंकर ने भी छात्रों की सफलता पर शुभकामनाएं दीं.
वडनगर में एक सप्ताह तक चलेगा प्रेरणा उत्सव
नवोदय विद्यालय समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार गुजरात के वडनगर जिले में 23 से 29 अगस्त तक प्रेरणा कार्यक्रम के 20वें बैच का आयोजन किया जाएगा. एक सप्ताह तक चलले वाले कार्यक्रम के लिए मिर्जापुर से एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया गया है. दोनों के साथ महिला मार्ग अनुरक्षक के रूप में सहायक अध्यापिका रंजना मौर्या रहेंगी.
चयनित छात्रों और अनुरक्षक की यात्रा के लिए रेलवे आरक्षण भी कराया गया है. मिर्जापुर के इन दोनों छात्रों का चयन सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है. अब दोनों छात्र वडनगर पहुंचकर प्रेरणा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे और अपने जिले के साथ पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे.