लखनऊ में फिर ट्रेन को डिरेल करने की कोशिश, पायलट की सतर्कता से बची यात्रियों की जान; एक्शन में पुलिस

लखनऊ में अराजक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर 50 किलो से अधिक वजनी लोहे का चौखट रखकर ट्रेन डिरेल करने की कोशिश की. पंजाब मेल के लोको पायलट की सतर्कता से इमरजेंसी ब्रेक लगाकर हजारों यात्रियों की जान बच गई. गनीमत रही कि ट्रेन रुक गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. जीआरपी और आरपीएफ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर ट्रेन डिरेल करने की कोशिश हुई है. अराजक तत्वों ने यहां रेलवे ट्रैक पर 50 किलो से भी अधिक वजनी लोहे का चौखट रख दिया था. गनीमत रही कि लोको पायलट की नजर पड़ गई और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर पहले ही ट्रेन को रोक लिया. इस प्रकार ट्रेन में सवार हजारों यात्रियों की जान बच गई. सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ ने चौखट कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला लखनऊ कैंट के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास शुक्रवार की दोपहर का है. उस समय पंजाब मेल स्टेशन से निकली ही थी और स्पीड भरना शुरू कर दिया था. इतने में लोको पायलट को सामने रेलवे ट्रैक पर बड़ा सा लोहे का चौखट नजर आया. ऐसे में लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया. फिर भी गाड़ी रूकते-रूकते इस चौखट तक ना केवल पहुंच गई, बल्कि चौखट ट्रेन में फंस भी गया. हालात को देखते हुए लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचित किया.

अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद लोकल पुलिस को सूचित किया गया. इस संबंध में कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. आरपीएफ के अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर 13006 पंजाब मेल अमृतसर से हावड़ा जा रही थी. जैसे ही यह ट्रेन करीब दो बजे कैंट के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास पहुंची, तभी लोको पायलट को ट्रैक पर लोहे का बड़ा चौखट पड़ा नजर आया.

पायलट की सतर्कता से बची जान

लोको पायलट ने बिना देरी किए इमरजेंसी ब्रेक लगा दी. इससे ट्रेन में सवाल हजारों यात्रियों की जान बच गई. रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक रेलवे ट्रैक से बरामद लोहे के चौखट का वजन 50 किलो से भी अधिक है. इसे देखकर साफ तौर पर लग रहा है कि इसे ट्रेन को डिरेल करने के लिए ही ट्रैक पर डाला गया था. फिलहाल पुलिस और रेलवे की टीम मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us