इत्ती सी बात पर भाई ने रेत दिया बहन का गला, फिर दिखाई ऐसी मासूमियत… हैरान कर देगा खुलासा
मुरादाबाद में एक नाबालिग बच्ची की हत्या का दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है. उसके सगे भाई ने मामूली विवाद पर गुस्से में आकर धारदार हथियार से गला रेत दिया. वारदात के बाद आरोपी ने मासूमियत का नाटक किया और छत पर सो गया, ताकि पुलिस को गुमराह कर सके. लेकिन उसकी टी-शर्ट पर लगे खून के छींटों ने उसकी पोल खोल दी और पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में घर में सो रही नाबालिग बच्ची की हत्या का हैरतंगेज खुलासा हुआ है. यह वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि इस बच्ची के सगे भाई ने अंजाम दिया है. मामूली सी बात पर आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद ऐसी मासूमियत दिखाई कि पुलिस भी गुमराह हो गई. हालांकि उसके टीशर्ट पर पड़े खून के छींटों ने वारदात का खुलासा कर दिया. मामला मुरादाबाद में कुंदरकी थाना इलाके के फरेदी गांव का है.
आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद चुपचाप छत पर जाकर सोने का नाटक किया. वहीं जब बाद में परिजनों और पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने बड़ी चालाकी से इसे बाहरी हमलावरों की साजिश बताने की कोशिश की. आरोपी ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब परिवार के सभी लोग एक सगाई कार्यक्रम में घर से बाहर गए थे. देर रात करीब 1:00 बजे जब परिजन वापस लौटे और घर में परिवार की सबसे छोटी बेटी का शव लहूलुहान देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह घर पहुंचे तो बेटी का शव पड़ा हुआ था, वहीं उनका बेटा छत पर सो रहा था. वह खुद चीख-पुकार सुनकर नीचे आया. उससे पूछा गया तो उसने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि कोई बाहर से आकर मार गया होगा. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने पहले पुलिस का भी गुमराह किया, लेकिन टीशर्ट पर लगे खून के छींटों के बारे में पूछा गया तो आरोपी कोई जवाब नहीं दे सका. ऐसे में पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. इसमें आरोपी टूट गया और वारदात को कबूल लिया.
मामूली विवाद में खौफनाक कदम
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि परिजनों के जाने के बाद मामूली सी बात पर उसकी छोटी बहन से बहस हो गई. देखते ही देखते यह बहस मारपीट में तब्दील हो गई और उसने गुस्से में आकर धारदार हथियार से बहन का गला रेत दिया. वारदात के बाद आरोपी को लगा कि अब वह पकड़ा जाएगा, इसलिए उसने चुपचाप छत पर जाकर सोने का नाटक किया. हालांकि वह अपनी टीशर्ट पर लगे खून के धब्बे मिटाने की बात भूल गया था और इसी गलती की वजह से पकड़ा भी गया.
