सिगरेट से दागा, मारा-पीटा… 12 साल तक पत्नी पर जुल्म ढाने के बाद पति ने दिया तीन तलाक

मुरादाबाद में एक महिला ने अपने पति पर 12 साल तक शारीरिक और मानसिक यातनाएं देने का आरोप लगाया है. पीड़िता के अनुसार, शराब और जुए की लत में डूबा पति उसे सिगरेट से दागता था. हाल ही में आरोपी ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

मुरादाबाद में पत्नी के साथ 12 साल तक जुल्म के बाद तीन तलाक Image Credit:

मुरादाबाद के नागफनी में घरेलू हिंसा का एक भयावह मामला सामने आया है. जहां एक महिला ने अपने पति पर 12 साल तक शारीरिक और मानसिक यातनाएं देने का आरोप लगाया है. उसे अपने ही घर में नर्क जैसी प्रताड़ना झेलनी पड़ी है, उसका पति शराब और जुए की लत में इस कदर डूबा हुआ था कि वह इंसानियत भूलकर हैवानियत पर उतारू हो जाता था.

पीड़िता फरहा परवीन का निकाह लगभग 12 साल पहले मुगलपुरा निवासी बिलाल के साथ हुआ था.शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही बिलाल का व्यवहार बदलने लगा था, उसे शराब और जुए की ऐसी लत लगी कि घर में आए दिन कलह रहने लगी थी. वह कभी फरहा को मारता-पिटता तो कभी शरीर के अंगों को जलती हुई सिगरेट से जला देता था.

हद तो तब हो गई, जब तीन तलाक दे दिया

शिकायत के अनुसार, बिलाल अपनी हार और नशे का गुस्सा अक्सर उस पर निकालता था, वह उसे केवल पीटता ही नहीं था, बल्कि उसको सिगरेट से दागता भी था. फरहा ने सालों तक दर्द सिर्फ इस उम्मीद में सहा कि शायद वक्त के साथ उसका पति सुधर जाएगा और उसके बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहेगा, लेकिन बिलाल की आदतों में कोई सुधार नहीं आया.

हद तो तब हो गई, जब उसने 3 तलाक देकर फरहा को घर से निकाल दिया. जुल्म की जड़ 26 अप्रैल की रात को पूरी तरह भर गया. बिलाल करीब सवा ग्यारह बजे फरहा की मौसी के घर में घुस आया था, जहां वह रह रही थी. वहां उसने फरहा के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की, साथ ही बेरहमी से पीटा भी. इसी बीच उसने फरहा को ‘तीन तलाक’ दे दिया.

अपने वैवाहिक घर में महिलाए सबसे असुरक्षित

सालों तक प्रताड़ना सहती रही फरहा, गैरकानूनी तरीके से ‘तीन तलाक’ देने से और टूट गई. अब न्याय की गुहार लेकर पीड़िता पुलिस के पास पहुंची है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता दिखाई है और नागफनी थाने में आरोपी के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना और तीन तलाक अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है, जांच के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जाएगी. वहीं, मुरादाबाद की घटना ने एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि आज भी समाज के कुछ हिस्सों में महिलाओं की स्थिति कितनी असुरक्षित है. NCRB डेटा के अनुसार, भारतीय महिला अपने वैवाहिक घर में सबसे अधिक असुरक्षित है.

Follow Us