पहले मां की हत्या, अगले दिन उसी जंगल में बेटे का मिला शव; मुरादाबाद में डबल मर्डर से सनसनी
मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पाकबड़ा के जंगल में पहले एक महिला का गला रेता हुआ शव मिला, और अगले ही दिन उसी इलाके से एक मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ. पुलिस का मानना है कि दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है और वे मां-बेटे थे.
मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मोढ़ा तैय्या गांव के जंगल में दो दिनों के भीतर एक महिला और एक मासूम बच्चे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस को आशंका है कि दोनों शव मां और बेटे के हैं. फिलहाल, पुलिस दोनों हत्याओं को एक-दूसरे से जोड़कर गहन जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को जंगल में एक अज्ञात महिला का रक्तरंजित शव मिलने के बाद, ठीक अगले ही दिन यानी गुरुवार को उसी वन क्षेत्र से एक मासूम बालक की लाश भी बरामद की गई. पुलिस को आशंका है कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई होगी. जबकि इस मासूम की गला घोंटकर बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया.
लगातार दो दिन में 2 मर्डर से मचा हड़कंप
पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग इस मृत बच्चे का सीधा संबंध एक दिन पहले मिली उसी अज्ञात महिला से जोड़कर देख रहे हैं. आशंका है कि यह अभागा बच्चा उसी मृत महिला का बेटा था, जिसे कातिलों ने अपनी क्रूरता का शिकार बनाया है. महिला की पहचान छिपाने के लिए चेहरा और शरीर के कुछ हिस्सों को भी क्षत-विक्षत करने का प्रयास किया गया था.
सूचना मिलते ही पाकबड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया था. पुलिस की टीमें मृतका की पहचान करने और हत्यारों के सुराग तलाशने में जुटी ही थी कि तभी इस नए घटनाक्रम ने मामले को और उलझा दिया है. लगातार दो वारदातों से इलाके में हड़कंप मचा है.
मृतकों की पहचान खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है ताकि मृतकों की पहचान की जा सके. हर पहलू से जांच की जा रही है.
