सड़कें धंसी, लिफ्ट में घुसा पानी… बारिश में डूबा नोएडा-गाजियाबाद, जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
लगातार बारिश से नोएडा और गाजियाबाद में स्थिति भयावह है. प्राधिकरण के जल निकासी दावों की पोल खुल गई है. सोसाइटियों के बेसमेंट तालाब बन गए हैं, सड़कों पर भारी जलभराव है, जिससे आवाजाही ठप है. गाजियाबाद में सड़क धंसने से वाहन फंसे, स्कूलों को बंद करना पड़ा है.
दिल्ली-NCR में लगातार हो रही बारिश ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया, जबकि हाईराइज सोसाइटियों के बेसमेंट और पार्किंग में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जगह-जगह जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
ग्रेटर नोएडा के ईटा-2 स्थित मिग्सन ट्विंस सोसायटी के बेसमेंट में भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे वहां खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका पैदा हो गई. वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत गार्डन सोसायटी के बाहर मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो गई. नालों के ओवरफ्लो होने से कई फीट तक पानी जमा हो गया और लोगों की आवाजाही प्रभावित रही.
नोएडा: हाईराइज सोसाइटियों में हालात खराब
नोएडा सेक्टर-76 स्थित सिलिकॉन सिटी सोसायटी की बेसमेंट पार्किंग भी जलमग्न हो गई. वाहन मालिकों को अपने वाहन निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके अलावा सेक्टर-100 स्थित गुलशन इकेबाना और सेक्टर-143 के आसपास भी सड़कों पर जलभराव देखने को मिला, जिससे यातायात प्रभावित रहा.

लगातार बारिश से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई हाईराइज सोसाइटियों में हालात और खराब हो गए. अमरपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में लिफ्ट में पानी भरने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया.
गाजियाबाद: ड्रेनेज सिस्टम फेल, स्कूलों में छूट्टी
उधर, गाजियाबाद में भी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं. वसुंधरा स्थित अटल चौक के पास सड़क धंसने से एक कार और स्कूटर गड्ढे में गिर गए. बताया जा रहा है कि वहां निर्माण कार्य के कारण मिट्टी पहले से कमजोर थी, जो लगातार बारिश के चलते धंस गई. मूसलाधार बारिश के कारण गाजियाबाद का ड्रेनेज सिस्टम भी जवाब दे गया है.

पुराना शहर और रमतेराम रोड समेत कई इलाकों में तीन फीट तक पानी भर गया. गोविंदपुरम, कवि नगर, राजनगर, शास्त्री नगर और संजय नगर जैसी कॉलोनियों में घरों तक पानी पहुंच गया, जबकि लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसायटी का बेसमेंट और कमर्शियल एरिया भी जलमग्न हो गया. जिला प्रशासन ने गाजियाबाद के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है.
