मुरादाबाद में Blinkit पर छापे से मचा हड़कंप, कई संदिग्ध मसाले और सॉस जब्त
मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ब्लिंकिट स्टोर और कई मसाला इकाइयों पर बड़ी छापेमारी की. इस दौरान मिलावटी सॉस, चटनी और हजारों किलोग्राम मिलावटी मसाले जब्त किए गए. यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के लिए कड़ा संदेश है.
मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSSAI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit के स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की., इस दौरान विभाग ने सॉस, चटनी और मसालों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए, जबकि कई स्थानों से बड़ी मात्रा में संदिग्ध मसाले और अन्य सामग्री जब्त की गई.
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने किया. टीम ने सबसे पहले मुरादाबाद के बुध बाजार स्थित Blinkit स्टोर का निरीक्षण किया. इससे व्यापारियों और ऑनलाइन वेंडर्स में हड़कंप मच गया.
Blinkit समेत कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
अधिकारियों ने Blinkit के स्टोर से डार्क सोया सॉस, शेजवान चटनी और ग्रीन चिली सॉस के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सील किया गया. इसके अलावा, टीम ने मंडी कटरानाज स्थित अशरफ मसाला और तहसील बिलारी के ग्राम अब्दुल्लापुर में संचालित अवैध मसाला निर्माण इकाइयों पर धावा बोलकर भारी मात्रा में मिलावटी मसाले और अन्य सामग्री जब्त की.
अशरफ मसाला से लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए और लगभग 40 किलोग्राम मसाला जब्त किया गया, वहीं, अब्दुल्लापुर स्थित इकाई से 80 किलो लाल मिर्च पाउडर, 40 किलो साबुत हल्दी, सिंथेटिक रंग और खाली पैकेजिंग रैपर बरामद किए गए. यहां से भी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त कर जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं.
सॉस-चटनियों में मिली थी मिलावट की शिकायत
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रेस नोट जारी कर बातया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले सॉस और चटनियों में मिलावट की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इसी के मद्देनजर ब्लिंकिट स्टोर के गोदाम और रैक की बारीकी से जांच की गई है. साथ ही कुल आठ विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए हैं.
खाद्य विभाग ने बताया कि लिए गए सभी नमूने प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
