नौकरी नहीं मिली, 21वीं मंजिल से कूद गया युवक; ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक मौत

ग्रेटर नोएडा में एक युवक ने इंटरव्यू में रिजेक्ट होने के बाद 21वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटने से पहले युवक ने अपनी बहन से बात की थी. यह दर्दनाक घटना पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में हुई. पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है.

जॉब रिजेक्शन के बाद ग्रेटर नोएडा में युवक ने दी जान

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में बुधवार शाम एक 28 वर्षीय युवक की ऊंची इमारत से गिरने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार युवक ने कथित तौर पर 21वीं मंजिल से छलांग लगाई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

पुलिस के अनुसार, युवक ने सोसायटी में एक स्टे रूम लिया था. कुछ देर बाद वह 21वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां से नीचे छलांग लगा दी. वह सोसायटी के रिसेप्शन क्षेत्र के ऊपर गिरा. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के कब्जे में लिया.

बहन को बताया था इंटरव्यू में रिजेक्ट की बात

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान वेदांत (28) के रूप में हुई है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. मृतक की बहन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई आज सुबह नोएडा के सेक्टर 16 में स्थित एक प्राइवेट आईटी कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए घर से कहकर निकला था. दोपहर में जब उससे बात हुई तो उसने बताया कि मैं इंटरव्यू में रिजेक्ट हो गया हूं.

मृतक की बहन ने पुलिस को बताया कि वेदांत ने फोन पर शाम तक घर लौटने की बात कही थी. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. मृतक के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और अन्य गतिविधियों खंगाली जा रही है.

घटना से पहले की परिस्थितियां जांच रही पुलिस

पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने का भी प्रयास कर रही है. वेदांत ने आखिरी वक्त किसको फोन किया था, प्राइवेट आईटी कंपनी में उसका रवैया कैसा था? पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us