न माल खरीदा, न बेचा… कागजों पर खड़ा किया करोड़ों का कारोबार, पूर्व बैंक अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार
मुरादाबाद में एक बड़े GST धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें एक पूर्व बैंक अधिकारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इन पर बोगस फर्मों और फर्जी बिल ट्रेडिंग के माध्यम से करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन का आरोप है.
रादाबाद की अपराध शाखा और एसआईटी टीम ने एक बड़े GST धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है. साथ ही एक पूर्व बैंक अधिकारी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया. इन पर बोगस फर्मों और फर्जी बिल ट्रेडिंग के माध्यम से ₹5.90 करोड़ की जीएसटी चोरी और ₹80 करोड़ से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का आरोप है.
जांच के आधार पर राज्य कर विभाग की शिकायत पर मझौला थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 245/2026 के तहत विवेचना जारी है. अपराध शाखा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, फर्म एम/एस आर.के. एंटरप्राइजेज के माध्यम से 5,90,28,953 रुपये की जीएसटी चोरी किए जाने का मामला सामने आया, जहां बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के कागजों पर बिल और ई-वे बिल तैयार किए गए.
इतना ही नहीं जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह ने अन्य बोगस फर्मों के जरिए व्यापारियों के साथ फर्जी बिलिंग की और विभिन्न करीब आधा दर्जन बैंकों में खोले गए खातों में भारी लेनदेन दिखाकर नकद रकम निकाल ली. पुलिस व जीएसटी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी भोले-भाले लोगों व श्रमिकों के दस्तावेजों, आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी फर्में व बैंक खाते खुलवाते थे और लोन या अन्य प्रलोभन देकर उन्हें गुमराह करते थे.
एसआईटी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी सरवर, अंकित पाल और अताउर्रहमान को हिरासत में लेकर मोबाइल, सिम, एटीएम और दस्तावेज बरामद किए हैं. जबकि अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की गहन जांच जारी है.
मुरादाबाद में फर्जी बिलिंग और बोगस फर्मों के सहारे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के इस मामले में एसआईटी और अपराध शाखा की जांच से कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. जांच के मुताबिक आरोपियों ने बिना किसी माल की खरीद-बिक्री के कागजी लेनदेन दिखाकर जीएसटी चोरी का नेटवर्क खड़ा किया और फर्मों के खातों में बड़ा कारोबार दर्शाने के बाद रकम निकालकर आपस में बांट ली.
जांच में सामने आया कि विभिन्न बैंकों में काम कर चुके आरोपी सरवर के जरिए दस्तावेजों में हेरफेर कर खाते खोले गए और लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके खातों व पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया गया. इसके अलावा, अताउर्रहमान पर लोगों को धोखे में रखकर हस्ताक्षर कराने और आधार व पैन कार्ड के दुरुपयोग के आरोप हैं.
पुलिस टीम ने गिरफ्तारी के दौरान एंड्रॉयड फोन, फर्जी सिम, एटीएम कार्ड, आधार व पैन कार्ड, रेंट एग्रीमेंट तथा उद्यम व जीएसटी से जुड़े कागजात बरामद किए हैं. एसआईटी अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक कर्मियों और फर्मों से जुड़े लोगों के दस्तावेजों की पड़ताल कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
