यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, कई जिलों के कप्तान बदले, लक्ष्मी सिंह बनीं CP गाजियाबाद

योगी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है. 28 IPS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिनमें कई जिलों के कप्तान भी शामिल हैं. IPS लक्ष्मी सिंह को नोएडा से तबादला कर गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है.

IPS लक्ष्मी सिंह बनीं गाजियाबाद की नयी पुलिस कमिश्नर (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच योगी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं. इस फेरबदल में कई पुलिस कमिश्नरेट, जोन, रेंज और जिलों के पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर एसपी स्तर तक के अफसरों को नई तैनाती दी गई है.

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खास बात यह है कि वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अयोध्या और मुरादाबाद जैसे अहम शहरों और जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव किया गया है.

कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल

तबादला सूची के मुताबिक, 1997 बैच के आईपीएस मोहित अग्रवाल को वाराणसी पुलिस कमिश्नर से हटाकर प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है.

गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर भेजा गया है.

लखनऊ जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का ही नया एडीजी बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को एडीजी बरेली जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

वाराणसी और लखनऊ रेंज में भी बदलाव

लखनऊ रेंज के डीआईजी किरण एस. को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई है. अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया है.

सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा रेंज और आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ रेंज की जिम्मेदारी दी गई है. तकनीकी सेवाओं में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज भेजा गया है.

अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले

जिलों में भी पुलिस कप्तानों की तैनाती बदली गई है. अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है, जबकि मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इसके अलावा कई आईपीएस अधिकारियों को पीएसी, पुलिस अकादमी, ईओडब्ल्यू, पीटीसी, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों में तैनाती दी गई है.

Follow Us