फुफेरी बहन के साथ थे नाजायज संबंध… दो सगे भाइयों ने कर दी हत्या, फिर शव को पेड़ से लटकाया
मुरादाबाद में अवैध संबंधों के चलते ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दो सगे भाइयों ने अपने फुफेरे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपियों ने शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटकाया. पुलिस ने कुछ ही घंटों में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया.
मुरादाबाद के थाना इलाके क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है. जहां अवैध संबंधों के विवाद में एक 25 वर्षीय युवक की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इतना ही नहीं वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को डिगनिया गांव के जंगलों में एक पेड़ से लटका दिया था.
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि 10 जून को सुबह करीब 9:00 बजे पुलिस को सोनकपुर के डिगनिया गांव के जंगलों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. शव मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिशें शुरू की गईं थी. वहीं, पुलिस ने इस ब्लाइंट मर्डर का खुलासा कर दिया है.
मृतक युवक कुछ दिन पहले बुआ के घर आया था
पुलिस जांच में मृतक की पहचान संभल के थाना केला देवी इलाके के निवासी के रूप में हुई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जब घटना की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया था, तो इस खौफनाक हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं थी. एसपी देहात के अनुसार, इस पूरे मामले में मृतक के रिश्तेदारों की संलिप्तता पाई गई है, जिसमें दो सगे भाईयों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक तीन-चार दिन पहले ही सोनकपुर थाना क्षेत्र के सोनकपुर की मिलक गांव में अपनी बुआ के घर आया था. युवक के अपनी ही फुफेरी बहनों के साथ कुछ नाजायज संबंध थे, इस बात की जानकारी जब बहनों के सगे भाइयों को हुई थी, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया था. लेकिन वह नहीं माना तो खौफनाक साजिश रच डाली.
पहले गला दबा कर की हत्या, फिर पेड़ से लटकाया
आरोपियों ने युवक को अपनी बहनों से बात करने और उनसे दूर रहने की सख्त हिदायत दी थी. इसके बावजूद जब युवक नहीं माना और लगातार संपर्क में रहा था, तो दोनों फुफेरे भाइयों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि 8 और 9 जून की दरम्यानी रात को दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवक का गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. फिर साक्ष्यों को छुपाने के उद्देश्य से शव को एक दिन के लिए पास के ही एक घर के कमरे में बंद रखा था. इसके बाद, मामले को पूरी तरह आत्महत्या का रूप देने के लिए वे शव को डिगनिया के जंगलों में ले गए और पेड़ से लटका दिया था. पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है.
