मुरादाबाद के अस्पताल में घुसे बच्चा चोर, CCTV में दिखे संदिग्ध; मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के सरकारी अस्पताल में दो बच्चा चोरों को रंगे हाथों पकड़ा गया है. ये दोनों अलग-अलग घटनाओं में नवजात बच्चों को चुराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्कता के चलते सफल नहीं हो पाए. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे अस्पताल में हड़कंप मच गया है.
कुछ समय उत्तर प्रदेश में बच्चा चोरों की अफवाह सुर्खियों में थी. उस समय कई लोगों को बच्चा चोर कहकर लोगों ने पिटाई भी कर दी थी. लेकिन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में अब सही में बच्चा चोर पकड़े गए हैं. यह बच्चा चोर अपनी पहचान छुपाकर सिविल लाइन थानांतर्गत सरकारी महिला चिकित्सालय में घुस आए थे. हालांकि समय रहते लोगों को खबर हो गई और दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया. यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
यह दोनों घटना महज कुछ घंटे के अंतराल में हुई हैं. अस्पताल प्रशासन ने दोनों बच्चा चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. इसमें पहली वारदात मंगलवार तड़के की है. एक संदिग्ध महिला से मिलने के बहाने मातृ एवं शिशु कल्याण (मदर एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग में घुस आई और मौका देखकर एक नवजात को गोद में उठाकर भागने लगी. परिजनों ने शोर मचाया तो ड्यूटी पर तैनात गार्डों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया था. तलाशी के दौरान इस महिला के पास से अमरोहा निवासी साबरी के नाम की आईडी मिली है.
दिन निकलते हुई दूसरी घटना
इस घटना को लेकर अस्पताल में खूब चर्चा हो रही थी. इसी बीच अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में शोर सुनाई दिया. वहां पहुंचने पर पता चला कि एक युवक फर्जी पहचान के साथ दूसरी मंजिल पर स्थित सर्जिकल वार्ड पहुंच गया था. यहां इसने भी एक बच्चे को उठाकर भागने की कोशिश की. लेकिन समय रहते बच्ची की चाची की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया था. शोर सुनकर हरकत में आए गाड़ों ने इसे भी पकड़ लिया.
सीएमएस ने बुलाई पुलिस
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. रनवीर सिंह के मुताबिक पकड़े गए आरोपी युवक की उम्र लगभग 22-23 वर्ष है. वह पूरी तैयारी के साथ अस्पताल में आया था. उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए अपनी स्कूटी के नंबर प्लेट को भी पूरी तरह से कवर कर दिया था. जरूरी पूछताछ के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
