पत्नी जिम जाती थी इसलिए मार डाला, फिर शव से साथ बिताए 7 घंटे, बचने के लिए पति ने बनाया था ये प्लान
मुरादाबाद में स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता को अपनी पत्नी पूनम का जिम जाना नागवार गुजरता था.इसके चलते घर में आए दिन कलेश होता था. उसने फिर से अपनी पत्नी को जिम जाने से मना किया. इस बीच दोनों में कहासुनी हो गई. गुस्साए शोभित ने अपनी पत्नी पर शटर खोलने वाले लोहे के भारी हैंडल से वार कर जान ले ली.
मुरादाबाद में परिवारिक कलह के चलते एक महिला की जान उसके ही पति ने ले ली. यह घटना कटघर कोतवाली के डबल फाटक इलाके की है. यहां के एक स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता ने अपनी पत्नी पूनम गुप्ता की केवल इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह जिम जाती थी. हत्या करने के बाद आरोपी पति भागा नहीं था, बल्कि करीब सात घंटे तक अपनी पत्नी के निर्जीव शरीर के पास ही बैठा रहा है.
आरोपी पति को पत्नी का जिम जाना नागवार गुजरता था. इसके चलते घर में आए दिन कलेश होता था. पूनम जिम से वापस लौटी तो विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर शोभित ने शटर खोलने वाले लोहे के भारी हैंडल से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया था. चोट इतनी गंभीर थी कि पूनम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है.
बेटी से आरोपी पिता ने बनाया बहाना
दोपहर में जब उनकी मासूम बेटी स्कूल से लौटी तो उसने अपनी मां के बारे में पूछा, लेकिन पत्थर दिल पिता ने उसे बहला-फुसलाकर दूसरे कमरे में भेज दिया था. शाम होने पर खुद ही एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना देकर नाटक करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस की पूछताछ से सारा सच सामने आ गया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है.
जिम जाने को लेकर था विवाद
शोभित और पूनम की शादी लगभग 10 साल पहले हुई थी. दोनो की जिंदगी सामान्य चल रही थी. लेकिन इस बीच शोभित की पत्नी जिम जाने लगी. शोभित को यह पसंद नहीं था, इसलिए वह उसपर पाबंदियां लगाता था. सुबह करीब 10 बजे जैसे ही पूनम जिम से घर पहुंची थी तो फिस से शोभित ने झगड़ा शुरू कर दिया. इसी दौरान उसने लोहे के हैंडल से पत्नी पर हमला कर उसकी जान ले ली.
हत्या के बाद आरोपी ने शाम 4 बजे तक शव को बेड पर छिपाए रखा है. शाम को उसने खुद ही डायल 112 को फोन कर पत्नी के घायल होने की झूठी सूचना दी. 112 पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने बेड पर शव को पड़ा देखा और परिस्थितियां संदिग्ध पाई तो तुरंत शोभित को हिरासत में ले लिया है. एसपी सिटी ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं.
मृतका के भाई ने शोभित पर लगाया ये आरोप
मृतका के भाई गुड्डू ने आरोप लगाया है कि यह केवल जिम जाने का विवाद नहीं था. पूनम को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था. गुड्डू ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे अक्सर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे. पहले भी पूनम ने शिकायत की थी कि उसे कांच का पाउडर खिलाकर मारने की कोशिश की गई थी. इससे उसकी जीभ और गाल कट गए थे, परिजनों का दावा है कि शोभित के साथ उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्य भी इस साजिश में शामिल थे. भाई ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी बहन को इंसाफ मिले और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.