कानपुर में लू का तांडव, 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, बदली गई स्कूलों की टाइमिंग
कानपुर में हीटवेव से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है. ऐसे में छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है.
उत्तर प्रदेश के कई जिले इस वक्त लू की चपेट में हैं. कानपुर में भी भीषण गर्मी पड़ रही है. लगातार बढ़ रहे तापमान ने नगरवासियों का जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है. गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है. जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है.
डीएम का सख्त आदेश: अब दोपहर में नहीं खुलेंगे स्कूल
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा 17 मार्च 2026 को जारी पत्र के निर्देशों का अनुपालन करते हुए कानपुर जिलाधिकारी ने यह निर्णय लिया है. आदेश के मुताबिक जिले के प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय अब अधिकतम दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक ही संचालित किए जा सकेंगे.
इन विद्यालयों पर लागू होंगे नियम
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के दायरे में समस्त बोर्ड (सीबीएसई, यूपी, आईसीएसई) और सभी सरकारी विद्यालय रहेंगे. इसके अलावा अशासकीय सहायता प्राप्त (Aided) विद्यालय और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त निजी स्कूल भी इसमें शामिल रहेंगे. जिला सुरक्षा समिति द्वारा यातायात व्यवस्था के सुगम संचालन हेतु जिन 81 विशिष्ट विद्यालयों की समयावधि पहले से निर्धारित की गई है. उनकी भी रोस्टर के हिसाब से नई समय सारिणी तय की गई है. यह स्कूल भी भी दोपहर 12.30 बजे के बाद नहीं खुलेंगे.
अग्रिम आदेशों तक सभी स्कूलों के संचालन का समय अब सुबह 7 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक निर्धारित किया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 12 बजकर 30 मिनट के बाद किसी भी स्थिति में कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाएगा, ताकि बच्चे दोपहर की भीषण तपिश और लू की चपेट में आने से बच सकें.
आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि इन आदेशों का ज़मीनी स्तर पर कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. नियमों का उल्लंघन करने वाले शिक्षण संस्थानों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. अभिभावकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है, क्योंकि बीते कुछ दिनों में पारा लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया जा रहा है.
