मुरादाबाद की मस्जिद पर भी चलेगा बुलडोजर! MDA ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम, मचा हड़कंप
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने दिल्ली रोड स्थित एक मस्जिद को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण बताते हुए गिराने का नोटिस दिया है. MDA ने मस्जिद व्यवस्थापकों को 15 दिन में खुद ध्वस्त करने या बुलडोजर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है. सहारनपुर की घटना के बाद इस नोटिस ने हड़कंप मचा दिया है. MDA का कहना है कि यह अतिक्रमण यातायात बाधित कर रहा है, जबकि कमेटी इसे पुराना बताती है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की मस्जिद पर बुलडोजर चलने से गरमाया माहौल अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने मुरादाबाद की एक मस्जिद को भी गिराने की नोटिस जारी कर दी है. एमडीए ने मस्जिद के व्यवस्थापकों को खुद मस्जिद तोड़कर जमीन खाली करने के लिए 15 दिन का वक्त दिया है. चेतावनी दी है कि यदि मस्जिद खुद नहीं हटाई जाती तो बुलडोजर से गिराया जाएगा और इसका पूरा खर्च व्यवस्थापकों से वसूल किया जाएगा.
एमडीए के अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली रोड स्थित पाकबड़ा इलाके में यह मस्जिद सरकारी जमीन को अवैध रूप से घेर रकर बनाई गई है. एमडीए सचिव ने मुतवल्ली को इस संबंध में नोटिस दिया है. उन्हें 15 दिनों के भीतर अवैध निर्माण खुद ध्वस्त करने का निर्देश दिया है. नियत समय में कार्रवाई न होने पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी है. एमडीए के मुताबिक करीब 300 वर्ग मीटर सरकारी भूमि पर बने इस निर्माण से यातायात बाधित हो रहा है. जबकि कमेटी इसे काफी पुराना बताती है.
सहारनपुर मस्जिद पर चला बुलडोजर
बता दें कि दो दिन पहले ही सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित सौ वर्ष पुरानी मस्जिद पर बुलडोजर चला है. इस ध्वस्तीकरण के बाद सपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी समेत सभी विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं. इस बीच मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की इस नोटिस के बाद यहां भी सरगर्मियां बढ़ गई हैं. एमडीए अधिकरियों ने स्पष्ट कर दिया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा. पूर्व में भी कांठ रोड सिद्ध अस्पताल और सेक्टर-10 में ऐसी ही कठोर कार्रवाइयां अमल में लाई जा चुकी हैं.
धार्मिक ढांचों पर पहले भी चला बुलडोजर
मुरादाबाद में सरकारी जमीनों पर बने अवैध धार्मिक ढांचों के खिलाफ प्रशासन पहले भी कई कड़े कदम उठा चुका है. पूर्व में कांठ रोड पर स्थित सिद्ध अस्पताल के पास सड़क किनारे बने मस्जिदनुमा अवैध निर्माण को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिरा दिया गया. इसी प्रकार, एमडीए की सेक्टर-10 योजना के अंतर्गत पार्क की आरक्षित भूमि पर बनाई गई मीनार को भी ध्वस्त करके जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था.