कानून दरकिनार, खंभे से बंधा इंसान! मस्जिद में चोरी के शक में युवक से हैवानियत
मुरादाबाद की एक मस्जिद में चोरी के शक में युवक को गुस्साई भीड़ ने पड़क लिया. इसके बाद पुलिस को सौंपने के बजाय उसे खंभे से बांध दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए हैं.
मुरादाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कानून-व्यवस्था और मॉब लिंचिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मझोला थाना क्षेत्र स्थित करुला के अखबार फैक्ट्री रोड पर बनी मोती मस्जिद के बाहर एक युवक को चोरी के आरोप में बिजली के खंभे से बांध दिया गया. इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
वायरल वीडियो सुबह लगभग 8:00 बजे की बताई जा रही है, जब इमाम ने एक युवक को मस्जिद में लगे एयर कंडीशनर (एसी) के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में देखा. आरोप है कि युवक एसी चोरी करने की कोशिश कर रहा था. इसके बाद इमाम के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया.
गुस्साई भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया
हालांकि, पुलिस को तत्काल सूचना देने के बजाय गुस्साई भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया. लोगों ने युवक को मस्जिद के बाहर बिजली के खंभे से बांध दिया. काफी देर तक युवक वहीं बंधा रहा और बड़ी संख्या में लोग उसे घेरकर खड़े रहे. इस दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वायल वीडियो में युवक लाचार स्थिति में खंभे से बंधा हुआ दिखाई दे रहा है. जबकि आसपास लोगों की भीड़ जमा है. घटना के वायरल होने के बाद इलाके में यह मामला काफी चर्चा का विषय बन गया. सोशल मीडिया पर वीडियो सार्वजनिक होने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया और घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
‘दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे’
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद मुरादाबाद पुलिस ने ‘एक्स’ पर जवाब देते हुए बताया कि संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ वैधानिक कदम उठाए जाएंगे है.
