नोएडा पुलिस का सिपाही निकला गांजा तस्करों का साथी, ऑडियो वायरल होते ही गिरफ्तार, नौकरी भी गई

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में एक सिपाही को गांजा तस्करों से साठगांठ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. सात ही उसे सेवा से बर्खास्त भी कर दिया गया है. वायरल ऑडियो और जांच के बाद कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने यह सख्त कार्रवाई की. आरोपी सिपाही महिला तस्कर नूरी-हेमा गैंग के संपर्क में था.

सांकेतिक तस्वीर

नोएडा पुलिस के एक सिपाही पर गांजा तस्करों से कथित साठगांठ का आरोप सामने आया है. इसपर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके साथ ही तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से भी बर्खास्त कर दिया गया है.

जानकारी के मुताबिक, ‘एक्स’ पर वायरल हुए एक ऑडियो में कथित तौर पर गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की बातचीत सामने आई थी. जांच के दौरान सिपाही पुनीत का नाम सामने आया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर जांच की तो आरोपी सिपाही और महिला गांजा तस्कर हेमा के बीच संदिग्ध संपर्क के संकेत मिले.

वायरल ऑडियो में गांजे की नई सप्लाई पर बातचीत

नूरी-हेमा गैंग का नाम पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में रहा है. ऑडियो में कथित तौर पर गांजे की खेप, उसकी गुणवत्ता और नई सप्लाई को लेकर बातचीत होने की बात सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद सेक्टर-20 थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

वहीं, विभागीय जांच पूरी होने के बाद आरोपी सिपाही पुनीत को नौकरी से भी बर्खास्त कर दिया गया. अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जांच में सिपाही की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उसके खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट में अपराधियों से किसी भी तरह की मिलीभगत बर्दाश्त नहीं होगी.

अब नूरी-हेमा गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच में पुलिस

पुलिस अब नूरी-हेमा गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई से नोएडा पुलिस ने साफ संदेश दिया है किअपराधियों से गठजोड़ करने वालों के लिए विभाग में कोई जगह नहीं है.

Follow Us