नाले में मिली लाश तो कूड़ा ढोने वाले ठेले पर ले गई पुलिस, मुरादाबाद में मानवता शर्मसार!

मुरादाबाद में पुलिस की संवेदनहीनता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. नाले से मिले अज्ञात शव को एम्बुलेंस के बजाय कूड़ा ढोने वाले ठेले पर रखकर ले जाया गया, जिसका वीडियो वायरल हो गया है. इस अमानवीय कृत्य से जनता में भारी आक्रोश है. साथ ही सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए.

पुलिस की लापरवाही: मुरादाबाद में शव को ठेले पर ले जाया गया Image Credit:

मुरादाबाद में सिस्टम की संवेदनहीनता ने मानवता का सिर झुकने पर मजबूर कर दिया है. मझोला थाना इलाके से एक अज्ञात शव मिलने के बाद, पुलिस उसे सम्मानजनक वाहन उपलब्ध कराने में नाकाम रही है. एम्बुलेंस के बजाय कूड़ा ढोने वाले ठेले पर शव को रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वहीं, अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

इस अमानवीय कृत्य से जनता में भारी आक्रोश है. थाना प्रभारी मझोला से जब जानकारी की गई तो उनका कहना है कि शव को नाली में से निकाला गया था. कुछ देर के लिए ही इसे ठेले पर रखा गया था. कुछ देर बाद एंबुलेंस को बुला लिया गया और फिर शव को भेजा गया था. वायरल वीडियो में साफ तौर से देखा जा सकता है कि कुड़े के ठेले पर शव रखा हुआ है.

खाकी वर्दीधारियों ने मर्यादाओं को ताक पर रखा

दरअसल, स्थानीय निवासियों को इलाके में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था, जिसकी सूचना तुरंत मझोला पुलिस को दी गई थी. वायरल वीडियो में दावा किया गया मौके पर पहुंची मझोला पुलिस ने नियमानुसार एम्बुलेंस या शव वाहन को बुलाने की जहमत नहीं उठाई. खाकी वर्दीधारियों ने मर्यादाओं को ताक पर रखते हुए शव को कूड़ा ढोने वाले ठेले पर लाद दिया.

चिलचिलाती धूप और आम राहगीरों के सामने खुले ठेले पर लाश को ले जाने का यह दृश्य जिसने भी देखा, उसका कलेजा कांप गया है. बताया जा रहा है कि युवक की लाश कुछ दिन पुरानी थी और वह सड़ने लगी थी, जिससे दुर्गंध भी आ रही थी. इसके बावजूद, पुलिस ने मृतक की गरिमा का ध्यान रखना उचित नहीं समझा है, इससे मानवता शर्मसार हुई है.

पुलिस और सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता बेनकाब

सिस्टम की इस बेरुखी ने न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोली है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि कागजों पर दौड़ने वाली एम्बुलेंस सेवा धरातल पर कितनी लाचार है. एक तरफ जहा सरकार अंतिम संस्कार और शवों के सम्मान की बात करती है. वहीं पुलिस का बेहद लापरवाही का चेहरा उजागर हुआ है, जिसने सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता बेनकाब कर दिया.

वायरल वीडियो पर थाना प्रभारी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि शव को निकाल कर हमने सड़क पर रखने की बजाय ठेले पर रखा था, लेकिन हमारे द्वारा एंबुलेंस से ही शव को भिजवाया गया है. फिलहाल पुलिस अपना दावा कर रही है लेकिन मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि शव को कुड़े वाले ठेले पर लादकर ही लेकर जाया गया है.