सपा की सरकार बनी तो वापस होंगे मुकदमे! आजम के समर्थन में शिवपाल का बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान के समर्थन में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनी तो आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे. उन्होंने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी की अनदेखी करने और 'हिंदू-मुस्लिम' राजनीति करने को लेकर हमला बोला. उन्होंने अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने और भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का संकल्प दोहराया.
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान के समर्थन में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनी तो आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस होंगे. मुरादाबाद में आयोजित जनसभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर सीधा हमला बोला. कहा कि 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ हो जाएगा. प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी.
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इस समय वह पूरे उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. अब अखिलेश यादव को एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनाना ही सपा का मुख्य लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे. आजम खान को जेल से बाहर आने का रास्ता साफ किया जाएगा. इस मौके पर उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को अटूट बताते हुए आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में खड़े रहने का संकल्प दोहराया.
बीजेपी पर बोला हमला
शिवपाल यादव ने राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि मंदिर का निर्माण कोर्ट के आदेश से हुआ है. बावजूद इसके, भाजपा इसका झूठा श्रेय लेना चाहती है. इस सरकार में चाहें किसान हो या छात्र, नौजवान हों या व्यापारी सभी परेशान हैं. भाजपा की सरकार महंगाई, बेरोजगारी जैसी वास्तविक समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है. इसके लिए केवल ‘हिंदू-मुस्लिम’ की राजनीति कर रही है.
जनविरोधी है भाजपा सरकार
प्रदेश की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सपा नेता ने कहा कि किसान, छात्र, नौजवान और व्यापारी सभी इस सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं. भाजपा ने पूरे प्रदेश में भारी GST, टैक्स और महंगी बिजली से लोगों का जीना दुभर कर दिया है. देश में महंगाई और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याएं हैं, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में विफल रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर सपा नेताओं और आजम खान के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाकर अन्याय कर रही है.