मामूली विवाद में लाठी-डंडों से बरसाया कहर… 2027 का टिकट मांगने वाला सपा नेता गिरफ्तार
मुरादाबाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली विवाद में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व प्रधान नवाब अली सहित पांच लोग गिरफ्तार हुए हैं. आरोप है कि लाठी-डंडों से हमला कर कई लोगों को घायल किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मुरादाबाद में एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस मामले में खुद को 2027 चुनाव का संभावित दावेदार बताने वाले समाजवादी पार्टी नेता और पूर्व प्रधान नवाब अली समेत पांच लोग गिरफ्तार हुए हैं. आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़ने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया.
पुलिस के अनुसार, घटना भोजपुर थाना क्षेत्र में राणा शुगर मिल बेलवाड़ा के पास हुई. शिकायतकर्ता ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़ने को लेकर पहले कहासुनी हुई. इसके बाद नवाब अली अपने चार साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और हमला कर दिया. आरोप है कि पीड़ित यूसुफ और बीच-बचाव करने आए लोगों को लाठी-डंडों से पीटा गया, उन्हें गंभीर चोटें आईं.
गाली-गलौज, जान से मारने की भी दी धमकी
पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपियों ने गाली-गलौज की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. मारपीट की घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर भोजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीएनएस की संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तलाश शुरू की और आरोपियों को दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सपा नेता नवाब अली (पुत्र अकरम अली), इनके अलावा, अजीम (पुत्र मेहंदी हसन), समीर (पुत्र उस्मान), आसिफ (पुत्र जलीस अहमद) और शाकिर (पुत्र खलील) शामिल हैं. सभी आरोपी मुरादाबाद के रानी नांगल गांव के निवासी बताए गए हैं. इस गिरफ्तारी से क्षेत्र के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है.
गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा- पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
