लखनऊ में नौकरी का झांसा देकर नाबालिग से दरिंदगी, तीन दिन तक रखा कैद… महिला समेत 5 गिरफ्तार
लखनऊ में एक नाबालिग किशोरी को नौकरी का लालच देकर होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने 70 साल के मुख्य आरोपी समेत पांच आरपियों को गिरफ्तार किया है. नाबालिग को तीन दिन तक होटल में हैवानियत का शिकार बनाया गया.
राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को नौकरी दिलाने का लालच देकर होटल ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म कराने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में 70 साल के मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों ने मिलकर पूरी साजिश रची थी.
पुलिस के मुताबिक, निगोहां क्षेत्र की रहने वाली 16 साल की किशोरी 17 जुलाई को घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. बाद में परिवार को जानकारी मिली कि गांव के कुछ लोग उसे अपने साथ ले गए थे. जहां पीड़ित किशोरी को तीन दिन तक होटल में बंधकर बनाकर हैवानियत का शिकार बनाया गया.
पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में बनाया था बंधक
पीड़िता के अनुसार, उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पहले अपने साथ रखा गया. इसके बाद दो महिलाएं और उनके साथी उसे पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले गए. आरोप है कि वहां उसे तीन दिन तक एक कमरे में रखा गया. इसी दौरान 70 वर्षीय द्वारिका रैदास ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. साथ ही उसे डराकर चुप रहने के लिए कहा गया.
पीड़िता की भाभी की शिकायत पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. इसमें आरोप लगाया कि कि दुर्गेश नाम के व्यक्ति और उसकी पत्नी खुशबू ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर साथ ले गए थे. इसके बाद राबिया अपने पति विनोद के साथ उनकी ननद को होटल ले गई. जहां राबिया के परिचित द्वारिका रैदास ने उसके साथ गलत काम किया.
किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से सभी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने शिकायत पर तुंरत संज्ञान लिया और गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया. पुलिस टीम ने जांच के दौरान होटल से जुड़े साक्ष्य जुटाए और पूछताछ के आधार पर किसान पथ के पूरनपुर गांव से द्वारिका रैदास, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
शुरुआती जांच में सभी आरोपियों की अलग-अलग भूमिका सामने आई है. आरोपी विनोद रावत, दुर्गेश रावत और खुशबू ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपहृत किया गया और बंधक बनाकर रखा. राबिया ने पीड़िता को अपने साथ ले जाकर होटल में ठहराया और द्वारिका रैदास को बुलाकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध स्थापित कराए.
