सिर पर विधानसभा चुनाव, फिर भी सपा में नहीं थम रही गुटबाजी; MP रुचि वीरा के तेवर से पार्टी में हड़कंप

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के भीतर गुटबाजी सामने आई है. मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा ने स्थानीय नेताओं पर उन्हें कार्यक्रम से दूर रखने का आरोप लगाया है, इसे पार्टी की छवि के लिए हानिकारक बताया है. उन्होंने इस अंदरूनी कलह और अनुशासनहीनता को अस्वीकार्य बताया है और जल्द ही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मिलकर उच्च स्तरीय जांच की मांग करने की बात कही है.

सपा सांसद रूचि वीरा

उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद लोकसभा सीट से सपा सांसद रुचि वीरा ने एक बार फिर तीखे तेव दिखाए हैं. पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के कार्यक्रम में आमंत्रण नहीं मिलने से नाराज सांसद के बयान से पार्टी में गुटबाजी और अंतरकलह खुलकर सामने आ गया है. सांसद ने अपनी ही पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस कार्यक्रम के बारे में उन्हें जान बूझकर सूचना नहीं दी गई. जबकि वह इस समय मुरादाबाद में ही हैं.

सपा सांसद ने इसे एक सोची-समझी साजिश और बेहद ओछी हरकत बताया. कहा कि मुरादाबाद सपा की एक मजबूत सीट है, लेकिन आज यहां हालात ऐसे बन गए हैं कि पार्टी के लोग सांसद को ही नजरअंदाज कर दे रहे हैं. पार्टी के इतने बड़े और महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उन्हें जानबूझकर नहीं बुलाया जा रहा है. यदि यही हाल रहा तो ये नेता आम जनता और कार्यकर्ताओं को क्या तरजीह देंगे? उन्होंने कहा कि पार्टी के एक -दो नेता जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.

पाटी को नुकसान पहुंचाने का आरोप

सांसद ने कहा कि ये नेता कार्यकर्ताओं को उनकी फोटो नहीं लगाने और कार्यक्रमों में नहीं बुलाने के लिए उकसा रहे हैं. यह सीधे तौर पर पार्टी की छवि और उसकी एकता को नुकसान पहुंचाने वाली हरकत है. सांसद रुचि वीरा ने आगामी चुनावों का हवाला देते हुए इस गुटबाज़ी पर गहरी चिंता जताई. कहा कि चुनावी माहौल के इस दौर में पार्टी को मजबूत करने के लिए सबको एकजुट होने की ज़रूरत है. सांसद ने साफ किया कि वह मुरादाबाद की जनता के प्यार और उनके प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को सर्वोपरि मानती हैं, इसलिए इस अंदरूनी साज़िश और अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी.

सपा सुप्रीमो को देंगी अपडेट

सांसद ने कहा कि मुरादाबाद में चल रही इस गुटबाजी को लेकर जल्द ही वह पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव से मिलेंगी. उन्हें बताएंगी कि कैसे पार्टी के भीतर बैठे लोग पार्टी को खोखला करने की कोशिश कर रहे हैं. वह इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की भी मांग करेंगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि हम सभी का मुख्य लक्ष्य उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाना है. इसी के साथ मुरादाबाद मंडल की सभी सीटों पर सपा की जीत सुनिश्चित करना है.

Follow Us