मुरादाबाद: विवेक पर गोली चलाने वाला अंकित यादव गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

मुरादाबाद पुलिस ने विवेक गनशॉट मामले के वांछित इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. सोनकपुर पुल के पास हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. आरोपी पर पहले से हत्या सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं. मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

विवेक पर गोली चलाने वाला अंकित यादव गिरफ्तार

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में हुए विवेक गनशॉट कांड के मुख्य आरोपी और इनामी बदमाश अंकित यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने यह जानकारी दी.

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि एक जुलाई को मझोला क्षेत्र में विवेक नामक युवक पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उसके कंधे में गोली लगी थी. इस मामले में पीड़ित के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था. घटना में शामिल एक आरोपी मनीष को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब गोली चलाने वाले को भी दबोच लिया है.

सोनकपुर पुल के पास मुठभेड़ में आरोपी घायल

एसपी सिटी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि इस मामले का मुख्य आरोपी और इनामी बदमाश अंकित यादव सोनकपुर पुल के पास स्थित हड्डी मिल क्षेत्र में मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की. इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित यादव के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित बताया. साथ ही वारदात में शामिल होने और विवेक पर गोली चलाने की बात भी कबूल कर ली है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बाइक, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

मझोला थाने में 6 लोगों के खिलाफ दर्ज है FIR

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अंकित यादव के खिलाफ पहले से कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. एसपी ने बताया अंकित पर पहले से ही हत्या और मारपीट जैसे करीब 6-7 संगीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

विवेक सिविल लाइंस के कांशीराम नगर निवासी और पीएसी (PAC) के सेवानिवृत्त दारोगा धनीराम के बेटे थे. वह नारियल का व्यापार करते थे. पिता धनीराम की तहरीर पर मझोला थाने में वरुण ठाकुर, दीपक, अंकित, और मनीष सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था. साथ ही मामले में लाइनपार चौकी इंचार्ज को सस्पेड कर दिया गया था.

Follow Us