डॉक्टर ने मेड से किया रेप, पत्नी ने भी दिया साथ; 14 महीने बाद ऐसे जागी पुलिस
मुजफ्फरनगर में एक डॉक्टर दंपत्ति पर घर में काम करने वाली मेड के साथ 14 महीने तक रेप का मामला सामने आया है. पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी, लेकिन शुरुआत में पुलिस की ढिलाई के बाद, पीड़िता के आत्महत्या प्रयास और वीडियो जारी करने पर एसएसपी ने मामले का संज्ञान लिया. अब क्राइम एसपी जांच कर रही हैं.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक डॉक्टर ने अपने मेड के साथ 14 महीने तक रेप किया. इस वारदात में डॉक्टर की पत्नी ने भी पूरा साथ दिया. पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी तो पुलिस ने आरोपी को हिरासत में तो लिया, लेकिन दो घंटे बाद ही छोड़ दिया. न्याय नहीं मिलने से निराश पीड़िता ने जब सुसाइड की कोशिश की तो खुद एसपी मुजफ्फर नगर ने मामले को संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की है.
मामला मुजफ्फरनगर के मिमलाना रोड का है. पीड़िता के मुताबिक उसके पिता विदेश में रहते हैं. पास में ही रहने वाले डॉक्टर सुलेमान और उनकी पत्नी आबिदा ने उसकी मां को झांसे में लिया और अपने घर के काम के लिए उसे अपने पास रख लिया. इसी बीच एक दिन उसकी तबियत खराब हो गई तो इलाज के बहाने डॉक्टर ने कोई इंजेक्शन लगाया और जब वह बेहोश हो गई तो आरोपी डॉक्टर दंपत्ति ने उसके साथ हैवानियत की.
आरोपी ने वीडियो भी बनाया
पीड़िता के मुताबिक उसे करीब 3 घंटे बाद होश आया तो उसने देखा कि वह निर्वस्त्र पड़ी थी. फिर उसे एहसास हुआ कि उसके साथ गलत काम किया गया है. उसने आपत्ति की तो डॉक्टर ने उसका अश्लील वीडियो दिखाया और इस संबंध में किसी को भी थी बताने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि इस दौरान डॉक्टर की बीवी भी उसके साथ थी और पति के साथ वह भी धमका रही थी. इस प्रकार आरोपी ने 14 महीने तक उसके साथ रेप किया.
ऐसे खुला राज
पीड़िता के मुताबिक उसने पुलिस में कई बार शिकायत दी, लेकिन हर बार पुलिस डॉक्टर का ही पक्ष लेती थी. एक बार आरोपी को पुलिस ने हिरासत में भी लिया, लेकिन दो घंटे बाद उसे छोड़ दिया. इसके बाद पीड़िता ने एक वीडियो बनाकर सुसाइड की धमकी दी. इस वीडियो पर एसएसपी मुजफ्फरनगर ने संज्ञान लिया है और अब मामले की जांच एसपी क्राइम को सौंपी है. एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.
