उत्तराखंड की सीमा में पिता पुत्र की हत्या, फिर क्यों यूपी में दर्ज हुई FIR? मुजफ्फरनगर में डबल मर्डर से दहशत
मुजफ्फरनगर में पुरानी रंजिश के चलते एक पिता-पुत्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित दादूपुर गांव में हुई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की हैं. यह हत्या एक साल पुरानी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार की देर रात पुरानी रंजिश में बदमाशों ने एक पिता पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित पुरकाज़ी थाना क्षेत्र में दादूपुर गांव का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं बदमाशों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया है.
पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले मुख्तियार और उसके पुत्र सुखजिंदर को बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर के गेट पर ही गोली मारी है. वारदात के बाद बदमाश बड़े आराम से हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद मौके पर जुटे परिजनों और पड़ोसियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को ही मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
उत्तराखंड की सीमा में वारदात
पुलिस के मुताबिक डबल मर्डर की यह वारदात करीब एक साल पूर्व हुए मोनू हत्याकांड की रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि यह वारदात पुरकाजी थाने के एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है. पुलिस के मुताबिक घटनास्थल उत्तराखंड की सीमा है. बावजूद इसके पीड़ित परिवार ने यूपी की योगी सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
जांच में जुटी पुलिस
वारदात के बाद यूपी और उत्तराखंड दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची. चूंकि परिजन उत्तर प्रदेश में मामला दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे. इसलिए एसएसपी सूरज कुमार राय ने इस डबल मर्डर के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है. एसएसपी के मुताबिक पुलिस टीमों ने बदमाशों की पहचान के साथ ही उनके ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है.
सामने आई रंजिश की कहानी
एसएसपी सूरज कुमार राय के मुताबिक इस वारदात की कहानी एक साल पहले हुए एक हत्याकांड से जुड़ी है. दरअसल इस मामले में जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनके भाई की एक साल पहले हत्या हुई थी. इस मामले में पीड़ित पक्ष के लोग जमानत पर बाहर है. उसी वारदात के बाद आरोपियों ने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल जो उसका घर का कनेक्शन और पीड़ित पक्ष का वोटर आईडी और आधार कार्ड उत्तराखंड का मिला है. चूंकि यह गांव बॉर्डर के दोनों तरफ है और पीड़ित परिवार ने मुजफ्फरनगर पुलिस में तहरीर दी है. इसलिए मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा ही इस मामले में कार्रवाई की जा रही है.
