जीजा ने 2 सालों पर खूब लुटाया प्यार! घुड़चढ़ी में दोनों को पहनाई एक-एक करोड़ की माला, वायरल हो रही तस्वीरें

मथुरा में एक अनोखी शादी समारोह चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां जीजा ने अपने दोनों सालों को घुड़चढ़ी के दौरान 1 करोड़ रुपये की नोटों की माला पहनाई. 500 रुपये के नोटों से बनी यह 100 फीट लंबी माला सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है.

जीजा ने सालों को पहनाई नोटों की माला

उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां दो सगे भाइयों की शादी समारोह के तहत घुड़चढ़ी हो रही थी. इतने में इन दूल्हों के जीजा आए और दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों की माला पहना दी. 500-500 रुपये नोटों से बनी यह माला करीब 100 फीट लंबी थी. इसे संभालने के लिए भी कई लोग लगे थे. अपने सालों पर जीजा के इस तरह प्यार लुटाने की तस्वीरें अब सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं.

मामला मथुरा में मांट क्षेत्र के गांव सुरीर के नगला फोंदा का है. यहां रहने वाले योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को बारात निकल रही थी. यह शादी समारोह गोवर्धन के एक मैरिज होम में आयोजित किया गया था. दोनों की एक साथ घुड़चढ़ी हो रही थी. इतने में कामां (राजस्थान) में नंदोला गांव के रहने वाले इन दूल्हों के जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर अपने साथियों के साथ पहुंचे. उन्होंने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों की माला पहना दी.

वायरल हो रहीं तस्वीरें

नाटकीय तरीके से हुई इस घटना को मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. इन तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि जीजा अपने सालों को नोटों की माला पहना रहे हैं और इस माला की लंबी टेल को चार-पांच लोग संभालने की कोशिश कर रहे हैं. अब ये तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही है. कोई इसे जीजा का सालों के प्रति प्यार बता रहा है तो कोई इतनी भारी मात्रा में कैश रखने को लेकर सवाल भी उठा रहा है.

गांव के सरपंच हैं जीजा

जानकारी के मुताबिक दो सालों को एक करोड़ी माला पहनाने वाले जीजा योगेश कुमार हाल ही में हुए सरपंची के चुनाव में विजयी हुए हैं और मौजूदा सरपंच हैं. इसके अलावा उनका राजस्थान में अपना कारोबार भी है. इसी प्रकार उनके सालों का भी अच्छा कारोबार है. दोनों साले मार्बल व्यवसायी हैं.

Follow Us