वंदे भारत में छूटा था बैग, भरे थे रुपए और डॉलर… कर्मचारी ने लौटाया तो मुरीद हो गए सिंगापुर के लिम
सिंगापुर के यात्री लिम वेन का ₹3.44 लाख का बैग वंदे भारत ट्रेन में छूट गया था, जिसमें भारतीय रुपये और विदेशी मुद्रा थी. ट्रेन कर्मचारियों की ईमानदारी के चलते बैग सुरक्षित मिल गया. इस घटना से प्रभावित होकर लिम वेन ने भारतीय रेलवे स्टाफ की खूब सराहना की.
नई दिल्ली से चलकर वाराणसी पहुंची वंदे भारत ट्रेन में सिंगापुर के रहने वाले यात्री लिम वेन का बैग छूट गया था. इस बैग में भारतीय रुपये के अलावा काफी मात्रा में विदेशी मुद्रा (डॉलर और सिंगापुर की मुद्रा) रखे थे. इसकी कीमत कुल तीन लाख 44 हजार रुपये के आसपास थी. जानकारी होने पर लिम वेन परेशान हो गए. इतने में ट्रेन यार्ड में पहुंच गई. जहां कर्मचारियों ने सफाई के दौरान नोटों से भरा बैग देखा तो हैरान रह गए.
हालांकि इन कर्मचारियों ने ईमानदारी दिखाते हुए बैग मिलने की जानकारी शंटर अनूप कुमार को दी. फिर अनूप ने स्टेशन मास्टर और जीआरपी को सूचना दी. इसके बाद जीआरपी ने विदेशी यात्री की पहचान कर उन्हें बैग वापस कराया. इधर, अपना बैग सुरक्षित मिलने से लिम वेन भी खुश हो गए. वह कर्मचारियों के इस कदर मुरीद हुए कि वह बैग पाने और उनतक पहुंचने वाले कर्मचारियों की सराहना करने लगे. कहा कि ऐसा भारत में ही संभव है.
भारत भ्रमण पर आए हैं लिम वेन
सिंगापुर निवासी लिम वेन ने बताया कि इन दिनों वह भारत भ्रमण के लिए आए हैं. उन्होंने नई दिल्ली से बनारस आने के लिए शुक्रवार की रात वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी. इसी दौरान गलती से उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया था. यह बैग यार्ड में सफाई के दौरान कर्मचारी करन को मिला तो उसने ईमानदारी का परिचय देते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी और फिर यह बैग उसके असली मालिक को लौटाया जा सका.
गाइड के जरिए हुई पहचान
ट्रेन में बैग छूट जाने की वजह से लिम वेन काफी परेशान थे. उन्होंने अपने गाइड को जानकारी दी और फिर गाइड के साथ बैग की तलाश में कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने रेलवे अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन इतने समय में बैग मिलने की सूचना अधिकारियों तक पहुंच चुकी थी. इसके बाद अधिकारियों ने गाइड के जरिए लिम वेन की पहचान कराई और संतुष्ठ होने के बाद बैग उन्हें सकुशल लौटा दिया.
