वाल्मीकि समाज ने मांगी राजनीतिक हिस्सेदारी, UP की 10 विधानसभा सीटों पर टिकट की मांग

उत्तर प्रदेश चुनावों में वाल्मीकि समाज अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी हेतु लामबंद हो रहा है. समाज ने आगामी चुनावों में कम से कम 10 विधानसभा सीटों पर टिकट, आरक्षण में उप-वर्गीकरण और सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग की है.

वाल्मिकी समाज की प्रेस कांफ्रेंस

उत्तर प्रदेश में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर वाल्मीकि समाज ने भी लामबंदी शुरू कर दी है. समाज के लोगों ने राजनीतिक हिस्सेदारी और सामाजिक अधिकारों की बात कहते हुए कम से कम 10 विधानसभा सीटों पर टिकट की मांग की है. इसी क्रम में समाज की ओर से 26 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वाल्मीकि महासम्मेलन का ऐलान किया गया है. इस आयोजन में प्रदेश भर से समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है.

इस संबंध में रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस का भी आयोजन किया जा रहा है. इसमें महासम्मेलन की रूप रेखा तय की जाएगी. वाल्मीकि महा सम्मेलन आयोजन समिति के मुताबिक इस महा सम्मेलन में समाज की ओर चार प्रमुख मांगें राजनीतिक दलों के सामने रखी जाएंगी. इनमें पहली मांग 10 विधानसभा सीटों पर वाल्मीकि समाज के प्रत्याशियों को टिकट है.

लिखित वादे पर मिलेगा समर्थन

इसके अलावा आरक्षण में उप-वर्गीकरण, सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण और वर्षों से आवासित परिवारों को जमीन-मकान का मालिकाना हक देने की मांग शामिल है. इस महा सम्मेलन को लेकर सबसे अहम बात यह है कि समाज ने 2027 के चुनाव में राजनीतिक समर्थन को इन मांगों पर दलों की लिखित प्रतिबद्धता और सरकार बनने के एक साल के भीतर उन्हें पूरा करने के वादे से जोड़ने का फैसला किया है.

कार्यक्रम से पहले प्रेस कांफ्रेंस

समिति की ओर से इस आयोजन से पहले प्रेस कांफ्रेंस बुलाई गई. इसमें समिति की ओर से आयोजन की रूप रेखा बताई गई. ऐसे में यह महा सम्मेलन यूपी चुनाव से पहले वाल्मीकि समाज की राजनीतिक ताकत, प्रतिनिधित्व और संभावित चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Follow Us