गन्ने के खेत में पकड़ी तमंचा फैक्ट्री, असलहे देख हैरान रह गई पुलिस; पंचायत चुनाव के लिए बना रहे थे हथियार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने गन्ने के खेत में चल रही एक बड़ी अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पंचायत चुनावों के लिए तैयार किए जा रहे दर्जनों बने और अधबने हथियार, साथ ही निर्माण उपकरण जब्त किए गए हैं. एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जिसकी पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन हथियारों का उपयोग पंचायत चुनावों में होना था.

गन्ने के खेत में पकड़ी गन फैक्ट्री

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की पुलिस ने अवैध हथियारों की बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यह फैक्ट्र्री जिले के बुढ़ाना क्षेत्र स्थित मंदवाड़ा रोड के पास एक गन्ने के खेत में अवैध रूप से संचालित हो रही थी. इस कार्रवाई में पुलिस ने बड़े पैमाने पर बने और अधबने हथियार बरामद किए हैं. सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से एक युवक को अरेस्ट किया है. अब पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद उसके साथियों की तलाश में जुट गई है.

पकड़े गए आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी साबिर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के साथियों की पहचान कर ली गई है. उनके ठिकानों पर दबिश तेज कर दी गई है. पुलिस की जांच में पता चला है कि पकड़ा गया और उसके साथियों का पुराना आपराधिक रिकार्ड है. मुजफ्फरनगर के अलावा कई अन्य जिलों में इनके खिलाफ अलग अलग आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

मौके से दर्जनों हथियार जब्त

पुलिस की इस छापेमारी में 6 बंदूकें, 3 पौनिया और 3 तमंचे बरामद हुए हैं. इसके अलावा 14 अधूरे बंदूकों के ढांचे और कई लोहे के फ्रेम भी मौके से मिले हैं. इसके अलावा पुलिस ने मौके से हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, शिकंजा और रेती भी जब्त किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक यह कोई छोटा-मोटा काम नहीं, बल्कि संगठित तरीके से चल रही अवैध फैक्ट्री थी.

पंचायत चुनावों में होना इस्तेमाल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंचायत चुनावों के दौरान होना था. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण अवैध हथियारों की मांग तेजी से बढ़ गई थी. इसी मांग को पूरा करने के लिए वह अपने साथी के साथ लगातार जगह बदलकर हथियार बना रहा था. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है. इसी के साथ इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है.

Follow Us