गाजियाबाद में गैंगवार, गैंगस्टर को लगी 5 गोलियां; खुद 30 मिनट तक गाड़ी चलाकर पहुंचा अस्पताल
गाजियाबाद में कुख्यात गैंगस्टर राहुल चौधरी पर जानलेवा हमला हुआ है. गैंगवार के दौरान उसे 5 गोलियां लगीं, लेकिन घायल होने के बावजूद वह खुद 30 मिनट तक गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा. मोदीनगर में स्वागत ढाबा के पास हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. पुलिस जांच कर रही है, जिसमें रंगदारी और आपसी रंजिश मुख्य कारण माने जा रहे हैं.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार की देर रात एक गैंगवार हुआ है. इस गैंगवार में कुख्यात गैंगस्टर राहुल चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे कुल पांच गोलियां लगी है. गैंगवार के दौरान बुरी तरह घायल होने के बावजूद यह बदमाश खुद गाड़ी चलाकर भाग निकला और 30 मिनट तक गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा. डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है.
मामला गाजियाबाद में मोदीनगर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर राहुल चौधरी हाल ही में रंगदारी के केस में जमानत पर छूटकर बाहर आया है. राजनगर एक्सटेंशन का रहने वाला यह बदमाश किसी काम से मोदीनगर गया था. वहां सीकरी कला में स्वागत ढाबा के पास वह अपनी गाड़ी से निकल ही रहा था कि अचानक से उसके ऊपर स्कूटी सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी. मोदीनगर एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक यह वारदात गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे का है.
सामने आया सीसीटीवी
पुलिस के मुताबिक इस वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें साफ नजर आ रहा है कि राहुल अपनी गाड़ी में आता है. अभी वह बाहर निकलने की सोच ही रहा है कि काली शर्ट में एक युवक आता है और उसके ऊपर फायर खोल देता है. अंधाधुंध फायर के बाद वह युवक भागता है और सड़क के दूसरी ओर स्कूटी बैठे दो युवकों के साथ वहां से फरार हो जाता है. पुलिस के मुताबिक इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान की कवायद शुरू कर दी गई है.
खुद गाड़ी चलाकर पहुंचा अस्पताल
पुलिस के मुताबिक इस फायरिंग में गोली राहुल चौधरी के गले, छाती, पीठ और पैरों में लगी है. हमलावर के भागने के बाद गंभीर रूप से घायल राहुल खुद ही तेजी से गाड़ी चलाते हुए 25 किमी दूर गाजियाबाद में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल में आकर भर्ती हुआ. डॉक्टरों की मुताबिक राहुल की हालत नाजुक है. डॉक्टरों के मुताबिक ऑपरेशन कर उसके शरीर से गोलियां निकाल दी गई है. पुलिस के मुताबिक राहुल चौधरी ढाबे पर 75 हजार रुपये की वसूली के लिए गया था.
पत्नी ने दर्ज कराया केस
राहुल की पत्नी करिश्मा ने इस वारदात के बाद पुलिस में लिखित तहरीर दी है. बताया कि राहुल को विनय वशिष्ठ और अरविंद सैनी से पैसे लेने थे. आरोपियों ने पहले राहुल को अपने घर बुलाया था, लेकिन राहुल ने मना कर दिया तो स्वागत ढाबा पर आने को कहा. करिश्मा ने बताया कि आरोपी पहले भी उसके पति पर हमला कर चुके हैं. उनके खिलाफ दर्जन भर मुकदमे भी दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक खुद राहुल चौधरी पर लूट, डकैती एवं मर्डर तथा रंगदारी समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं.
