क्लास में दिखा भूत! यूनिट टेस्ट के बीच क्यों चिल्लाने लगे बच्चे? स्कूल में मचा हड़कंप

उत्तराखंड के नैनीताल में एक स्कूल में यूनिट टेस्ट के दौरान छात्रों के बीच हड़कंप मच गया. कुछ बच्चों ने चक्कर आने और भूत महसूस करने का दावा किया, जिसके बाद वे चीखने-चिल्लाने लगे. देखते ही देखते पूरे स्कूल में दहशत फैल गई और परीक्षाएं रद्द कर दी गईं. यह घटना उत्तराखंड में पहली नहीं है, जो ऐसे रहस्यमय प्रकरणों पर सवाल उठाती है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI

उत्तराखंड के नैनीताल स्थित एक स्कूल में अजीब घटना हुई है. यहां बच्चों का यूनिट टेस्ट चल रहा था. अचानक बच्चों को कुछ आभाष हुआ. कुछ बच्चे तो चक्कर खाकर गिर गए. वहीं बाकी बच्चे चीखते चिल्लाते क्लासरूम से बाहर भागे. देखते ही देखते पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया. छात्रों का कहना है कि उन्हें क्लासरूम में भूत-प्रेत की मौजूदगी का एहसास हुआ है. मामला नैनीताल में बनभूलपुरा स्थित एक प्राइवेट इंटर-कॉलेज का है.

जानकारी के मुताबिक इस स्कूल में 10वी और 11वीं कक्षा के बच्चों का यूनिट टेस्ट चल रहा था. इसी दौरान कुछ छात्राओं ने चक्कर आने की शिकायत की और देखते ही देखते क्लासरूम में ही गिर गईं. इसी दौरान कुछ छात्रों ने क्लासरूम में भूत होने का दावा किया और चीखने चिल्लाने लगे. ‘भूत-प्रेत’ की यह अफवाह देखते ही देखते एक क्लास से दूसरी क्लास और फिर पूरे स्कूल में तेजी से फैल गई. इससे बाकी छात्रों और स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

रद्द करनी पड़ी परीक्षा

स्कूल में हंगामा मचते ही प्रिंसिपल एवं अन्य शिक्षकों ने तुरंत कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों को समझाया और उन्हें शांत करने की तमाम कोशिशें की. इससे छात्र शांत हो हो गए, लेकिन भय की स्थिति बनी रही. हालात को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने आज के लिए छुट्टी की घोषणा करते हुए परीक्षा रद्द कर दी और सभी छात्रों को घर भेज दिया. बताया जा रहा है कि उत्तराखंड के स्कूलों में इस तरह की घटना कोई पहली बार नहीं हुई है. इससे पहले साल 2022 में बागेश्वर के एक सरकारी स्कूल में अजीबो-गरीब घटना हुई थी. वहां 6-7 छात्राएं अचानक चिल्लाने लगीं और फिर वो बेहोश हो गईं थीं.

आखिर स्कूल में हुआ क्या था?

जानकारी के मुताबिक रोज की तरह बच्चे अपने समय से स्कूल पहुंचे और यूनिट टेस्ट शुरू हो गया. अभी कुछ ही देर बीता होगा कि अचानक से एक छात्र चिल्लाने लगा. उसकी हालत देखकर क्लासरूम में बैठे अन्य बच्चे डर गए और रोने लगे. इतने में खबर दूसरे क्लासरूम तक पहुंची और कुछ छात्राएं चक्कर खाकर गिर गई. इससे हड़कंप मच गया. अफवाह फैल गई कि इन बच्चों ने स्कूल में ‘भूत-प्रेत’ का अनुभव किया है.

Follow Us