2500 किफायती फ्लैट, 4 हॉस्टल और 350 बेड का अस्पताल … ग्रेटर नोएडा में मजदूरों को मिलेंगी ये सुविधाएं

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पतवाड़ी में मजदूरों के लिए 2500 किफायती फ्लैट, नॉलेज पार्क में 350 बेड का अस्पताल और हॉस्टल बनाने जा रहा है. इसके अलावा ईकोटेक 2 में और ईकोटेक 1 में जो हॉस्टल बनेगा वह खासतौर पर महिलाओं के लिए होगा,ताकि वे सुरक्षित माहौल में रह सकें.

ग्रेटर नोएडा में मजदूरों के लिए बनाए जाएंगे 2500 फ्लैट Image Credit:

गौतम बुद्ध नगर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. प्राधिकरण ने श्रमिकों के लिए सस्ते आवास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की बड़ी योजना तैयार की है. इसका मकसद मजदूर वर्ग को बेहतर जीवन स्तर देना और औद्योगिक विकास को मजबूती देना है प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पतवाड़ी गांव के पास करीब 5 एकड़ जमीन चिन्हित की है.जहां 2500 से अधिक किफायती फ्लैट बने जाएंगे यह फ्लैट खासतौर पर फैक्ट्री और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए होंगे ताकि उन्हें काम के पास ही सस्ता और सुरक्षित आवास मिल सकेगा.

2500 से ज्यादा किफायती फ्लैट और ईएसआईसी अस्पताल

अधिकारियों के अनुसार इन फ्लैट्स का डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है ताकि कम लागत में बेहतर सुविधाएं मिल सके. इससे श्रमिकों को किराए की समस्या से राहत मिलेगी और उनका जीवन स्तर भी सुधरेगा. 2500 फ्लैट की योजना को लेकर अब जमीन चिन्हित करने के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी. मंजूरी मिलते ही इस पर काम शुरू किया जाएगा.

नॉलेज पार्क 5 में भी 350 बेड का ईएसआईसी अस्पताल श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बनाने की भी योजना है.इसके लिए 7 एकड़ से अधिक जमीन पहले ही आवंटित की जा चुकी है. जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. यह अस्पताल खासतौर पर ईएसआईसी कार्ड धारकों और औद्योगिक कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा. यहां आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी जिससे श्रमिकों को बेहतर इलाज मिल सकेगा. उन्हें दूर दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

चार श्रमिक हॉस्टल भी बनाए जाएंगे

आवास के साथ-साथ श्रमिकों को रहने के लिए चार हॉस्टल बनाने की भी योजना तैयार की गई है. यह हॉस्टल औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक 3, 6, 12 और इकोटेक 1 एक्सटेंशन में बनाए जाएंगे. महिलाओं के लिए ईकोटेक 2 में और ईकोटेक 1 में अलग से हॉस्टल बनाए जाएंगे. इन हॉस्टल में सुरक्षा और सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाएगा ताकि महिलाएं सुरक्षित माहौल में रह सकें और अपने काम पर ध्यान दे सकें.

श्रमिकों को ये सुविधाएं भी दी जाएंगी

ईकोटेक 3 सेक्टर में एक श्रमिक सुविधा केंद्र भी शुरू किया जाएगा जहां श्रमिकों और उद्योगों को जोड़ने का काम किया जाएगा. यहां दो रजिस्टर रखे जाएंगे एक में श्रमिकों का विवरण और दूसरे में उद्योगों की जरूरत. इस व्यवस्था से कंपनी को आसानी से जरूरत के अनुसार श्रमिक मिल सकेंगे और श्रमिकों को भी रोजगार पाने में सुविधा हो जाएगी. इसके साथ ही श्रमिकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के शिविर भी लगाए जाएंगे इन शिविरों में ईएसआईसी कार्ड धारकों को मोस्ट चिकित्सा परामर्श और जांच की सुविधा मिलेगी यह सेवाएं रोजाना सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेंगी.

Follow Us