सुसाइड नहीं हत्या? नोएडा के युवक-युवती केस में ट्विस्ट, मकान मालिक समेत तीन अरेस्ट

नोएडा में तीसरी मंजिल से युवक-युवती की छलांग में नया मोड़ आ गया है. पहले इसे आत्महत्या माना गया, पर जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के चलते उन्हें पीटने के बाद नीचे फेंका गया था. पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक का बेटे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है. इस वारदात में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर है.

नोएडा में दंपत्ति अरेस्ट Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र में चौड़ा रघुनाथपुर स्थित एक तीन मंजिल के मकान से युवक और युवती के छलांग लगाने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है. अबतक इसे हादसा या सुसाइड माना जा रहा था, लेकिन मामले की जांच के दौरान चौंकाने वाला एंगल सामने आया है. पुलिस के मुताबिक युवक और युवती ने छलांग नहीं लगाई थी, बल्कि बुरी तरह से पिटाई करने के बाद इन्हें छत से नीचे फेंका गया था. इसी के साथ पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक के बेटे और उसके साथी को अरेस्ट कर लिया है.

इस मामले में मृत युवक पुनीत के पिता ने मकान मालिक के बेटे के खिलाफ आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि मकान मालिक के बेटे ने दोनों के साथ पहले हॉकी से बुरी तरह मारपीट की. इससे दोनों अधमरा हो गए. इसके बाद घटना को हादसा या सुसाइड करार देने के लिए उन्हें नीचे फेंक दिया. मामले में नया इनपुट आने के बाद पुलिस ने मकान मालिक के बेटे हितेश राणा और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.

सामने आया प्रेम प्रसंग का एंगल

नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक मामला प्रेम संबंध से जुड़ा है. इस वारदात में मृत पुनीत के मकान मालिक के बेटे हितेश राणा की पत्नी चंचल के साथ प्रेम संबंध थे. दोनों एक दूसरे को कॉलेज के समय से जानते थे और लंबे समय से एक दूसरे के संपर्क में थे. पुनीत मेरठ का रहने वाला था और नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था. यहां वह सेक्टर 22 स्थित चौड़ा रघुनाथपुर इलाके में गजराज राणा के मकान में किराए पर रहता था. जांच में सामने आया है कि ज्योति नाम की युवती जो इस हादसे में घायल हुई है, वह पुनीत की करीबी दोस्त है.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

घटना से करीब 2 दिन पहले पुनीत ने ज्योति को आरोपी से बातचीत करने के लिए बुलाया था. घटना वाले दिन आरोपी हितेश राणा ने बातचीत के लिए पुनीत और ज्योति को छत पर ले गया, जहां दोनों को पहले हॉकी से बुरी तरह पीटा और फिर दोनों को छत से नीचे फेंक दिया. एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक मृतक के पिता ने अपनी तहरीर में बताया है कि आरोपी हितेश दोनों को बदनाम करने की धमकी दे रहा था. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और इस वारदात को अंजाम दिया गया.

इलाज के दौरान हुई पुनीत की मौत

घटना के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुनीत की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं ज्योति को गंभीर स्थिति में दिल्ली के अपताल के लिए रेफर किया गया है. फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की कॉल डिटेल से काफी अहम सुराग हाथ लगे हैं. इसमें साफ हो गया है कि पुनीत और चंचल के बीच लगातार बातचीत होती थी.

आरोपी दंपत्ति अरेस्ट

पुलिस के मुताबिक पिता की शिकायत पर आरोपी हितेश राणा और उसकी पत्नी चंचल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अरेस्ट कर लिया गया है. इनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हॉकी भी बरामद कर ली है. अब पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है.

Follow Us