सिलाई दिल्ली पुलिस की वर्दी, होटलों में करने लगा मुफ्तखोरी; नोएडा में ऐसे पकड़ा गया नकली दरोगा

नोएडा पुलिस ने नकली दिल्ली पुलिस दारोगा राहुल सिंह को गिरफ्तार किया है. वह फर्जी वर्दी पहनकर होटलों में मुफ्त खाना खाता और लोगों से धोखाधड़ी करता था. पुलिस ने उसके कब्जे से नकली वर्दी, पहचान पत्र समेत कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है.

नोएडा में पकड़ा गया नकली दरोगा Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 113 थाना पुलिस ने एक फर्जी दरोगा को अरेस्ट किया है. यह जालसाज दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की फर्जी वर्दी पहनकर लोगों पर रौब झाड़ता था और होटलों में खाना खाने के बाद बिल देने के नाम पर हड़काता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली पुलिस की वर्दी, स्टार वेज, टोपी और कई फर्जी पहचान पत्र बरामद किए हैं. आरोपी की पहचान मूल रूप से मथुरा के रहने वाले राहुल सिंह के रूप में की है.

आरोपी के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने उसे सेक्टर 117 की सर्विस रोड से अरेस्ट किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की एक जोड़ी वर्दी, दो पुलिस बेज, चार स्टार, नेम प्लेट, लाल बेल्ट और पुलिस की टोपी भी बरामद हुए हैं. इसके अलावा, उसके पास से दिल्ली पुलिस के 7 आईडी कार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, 7 एटीएम और क्रेडिट कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत मेट्रो कार्ड और आईफोन 17 प्रो भी बरामद किया गया है.

दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस

नोएडा पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से बरामद इन दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. इसमें पता किया जा रहा है कि आरोपी ने इन दस्तावेजों को कैसे बनवाया और इसका इस्तेमाल कहां-कहां किया है. पुलिस आरोपी की निशानदेही पर एक i20 कर भी बरामद की है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपी वर्दी और पुलिस के निशान वाली कर के जरिए लोगों पर पुलिसकर्मी होने का दबाव डालता था. जिसके बाद वह अपनी पहचान और पद का फायदा उठाकर लोगों से गलत व्यवहार करता था.

पूछताछ के बाद भेजा जेल

थाना प्रभारी 113 धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि जरूरी पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है. अब पुलिस यह पता करने में जुटी है कि वह कब से दिल्ली पुलिस की फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था, इसके अलावा अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बन चुका है? साथ ही बरामद फर्जी आई कार्ड और अन्य दस्तावेजों के भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने दिल्ली पुलिस की वर्दी और पहचान से जुड़े सामान कहां से हासिल किए.

Follow Us