ग्रेटर नोएडा में आग का तांडव, मिनटों में राख हुईं 20 से अधिक झुग्गियां, कई मजदूर परिवार हुए बेघर

ग्रेटर नोएडा के हाजीपुर गांव में झुग्गियां बनाकर रह रहे मजदूरों के यहां आग लग गई. इस दौरान 20 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गईं. आग के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए.उनके जरूरी सामान भी जलकर राख हो गए.

ग्रेटप नोएडा में आग का तांडव

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित खेरली हाफीजपुर गांव में सोमवार यानी 25 मई की सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग मजदूर की करीब 20 झुग्गी-झोपड़ियां तक फैल गई और कुछ ही मिनट में सब कुछ जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई मजदूर परिवार अपनी जान बचाकर बाहर निकले, लेकिन उनका पूरा सामान आग की चपेट में आकर स्वाहा हो गया.

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल लोग

मध्य प्रदेश के रहने वाले कई मजदूर गांव के पास खाली पड़े भूखंड पर झुग्गियां बनाकर रह रहे थे. सोमवार सुबह अचानक एक झुग्गी में आग लग गई. तेज हवा और झुग्गियों में रखें ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने लगी कुछ देर में करीब 20 झुग्गियां आग की चपेट में आ गई .लोगों ने बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई.

इस आग में मजदूर परिवारों का रोजमर्रा का सारा सामान जलकर राख हो गया. झुग्गियों में रखा राशन कपड़े बर्तन जरूरी दस्तावेज और बच्चों का सामान तक आग में स्वाहा हो गया. पीड़ित परिवारों का कहना है कि मेहनत की पूरी कमाई और घर का सामान कुछ मिनट में खत्म हो गया. आग के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए.

दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है की सूचना देने की काफी देर बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची तब तक अधिकांश झुग्गियां जलकर राख हो चुकी थी.हालांकि दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आग को आसपास के गांव तक फैलने से रोक दिया.राहत की बात यह रही कि आग की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. समय रहते महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है

दमकल विभाग और पुलिस की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है. अग्नि मिशन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग किन कारणों से लगी है इसकी स्पष्ट रूप से अभी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है. फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है.

Follow Us