ग्रेटर नोएडा: कलेक्ट्रेट में बम की सूचना से हड़कंप, परिसर खाली कराया गया

गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर स्थित जिला कलेक्ट्रेट में बम होने की सूचना मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही प्रशासन ने पूरे परिसर को खाली कराकर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, दमकल विभाग और पुलिस की टीमों के साथ सघन तलाशी अभियान शुरू किया. सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर की घेराबंदी कर हर व्यक्ति और वाहन की जांच की गई.

मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की टीम

गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर स्थित जिला कलेक्ट्रेट (डीएम कार्यालय) में बम होने की सूचना मिलने से सोमवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया. मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, दमकल विभाग की टीम और सूरजपुर थाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए.

पूरे परिसर की घेराबंदी कर हर कमरे, कार्यालय और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाल दिया. साथ ही परिसर में प्रवेश और निकास के सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की सघन जांच की जा रही है. खबर लिखे जाने तक कलेक्ट्रेट में कहीं पर भी बम या उससे मिलती-जुलती चीज नहीं मिली है.

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की जांच

फिलहाल, बम की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. पुलिस अधिकारी किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं और मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. दमकल विभाग की गाड़ियों को भी एहतियातन मौके पर तैनात किया गया है.

अभी तक नहीं मिली संदिग्ध वस्तु

अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बम की सूचना किसने और किस माध्यम से दी. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

Follow Us