नोएडा-गाजियाबाद में आया तूफान, पश्चिमी UP में बदला मौसम; पूर्वांचल में झुलसाने वाली गर्मी
पश्चिमी यूपी में दोपहर बाद भीषण तूफान के साथ कुछ इलाकों में बारिश हुई है. मौसम में अचानक हुए इस बदलाव की वजह से कहीं पेड़-बिजली के पोल गिरे तो कहीं यातायात प्रभावित हुआ है. इस तूफान का ज्यादा असर नोएडा-गाजियाबाद में देखा गया. उधर, पूर्वांचल में झुलसाने वाली गर्मी बदस्तूर जारी है. मौसम विभाग ने मानसून के जल्द यूपी में प्रवेश करने की उम्मीद जताई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी.
मानूसन भले ही अभी नहीं आया, लेकिन पश्चिमी यूपी में मौसम आज बदला-बदला सा है. पूरे दिन भीषण गर्मी के बाद मंगलवार को दोपहर अचानक से मौसम ने करवट लिया. करीब तीन बजे नोएडा-गाजियाबाद समेत आसपास के जिलों में बादल छा गए और भयानक तूफान आया. इससे कहीं पोल तो कहीं पेड़ धराशायी हो गए. कुछेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई है. कुछ यही स्थिति मेरठ-मुरादाबाद से लेकर सहारनपुर-शामली तक देखी गई.
हालांकि मौसम में यह बदलाव केवल पश्चिमी यूपी में ही रहा. पूर्वांचल में पूरे दिन भीषण गर्मी का दौर बदस्तूर जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक अभी कोई नया मौसमी तंत्र एक्टिव नहीं है. इसलिए मौसम में उतार चढ़ाव का दौर मानसून आने तक ऐसा ही बना रह सकता है. इस दौरान कहीं-कहीं प्री-मानसून की बारिश भी हो सकती है. भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक रात में पूर्वांचल के जिलों में भी आंधी तूफान की आशंका है.
आसमान में छाया धूल का गुबार
तेज रफ्तार चली आंधी और तूफान के चलते कुछ ही मिनट में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. नोएडा के शहरी इलाकों से लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा और देहात और गाजियाबाद तक तेज हवाओं का असर देखने को मिला. कई किलोमीटर दूर तक धूल का गुबार उड़ता हुआ नजर आया. आसमान में काले बदल छा गए. तेज आंधी के चलते नोएडा के सेक्टर 18, सेक्टर 16 समेत कई सेक्टर में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस तूफान से सड़क किनारे लगे पेड़ टूट कर गिर गए. जबकि कई जगह टीन की छतें और स्थाई ढांचे हवा में उड़ गए.
पेड़ गिरने से यातायात बाधित
नोएडा-गाजियाबाद समेत कई शहरों में आए भीषण तूफान में पुराने पेड़ गिर गए. इससे यातायात बाधित हो गया. वहीं कुछेक स्थानों पर बिजली के पोल भी गिरे हैं. इससे संबंधित इलाकों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई है. चूंकि आंधी तूफान की स्थिति अगले कुछ घंटों तक बनी रह सकती है, इसलिए हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है. उन्हें पुराने जर्जर पेड़ों के नीचे नहीं जाने या गाड़ी पार्क नहीं करने की सलाह दी है.
अभी कहां है मानसून?
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने अभी मानसून की ताजा स्थिति अपडेट की है. इसमें बताया है कि बीते 48 घंटे में दक्षिण पश्चिम मानसून ने गति पकड़ी है और अब मुंबई से आगे बढ़ते हुए तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार तक पहुंचा है. इस समय मानसून की उत्तरी सीमा बिहार में मोतीहारी को छू रही है. उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिन के अंदर मानसून यूपी में प्रवेश करेगा.