पूर्वांचल में आसमान से बरस रही आग, नोएडा-गाजियाबाद में आंधी-पानी; UP में आज का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का अजीब मिजाज है. नोएडा-गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी में आंधी और बारिश से राहत मिली है, वहीं पूर्वांचल भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. मध्य यूपी में उमस बढ़ रही है. मौसम विभाग ने इसे अस्थायी बदलाव बताया है और शनिवार से फिर गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है, जिससे तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

यूपी में बदला मौसम Image Credit:

इस समय मौसम का अजीब मिजाज देखने को मिल रहा. कहीं तेज धूप की वजह से घर से निकलना मुश्किल हो रहा है, तो कहीं आसमान से बौछारें पड़ रही हैं. कहीं थोड़ी नमी के साथ आंधी चल रही तो लू झलसा दे रही है. शुक्रवार को ही नोएडा-गाजियाबाद और मेरठ-मुरादाबाद समेत समूचे पश्चिमी यूपी में अंधड़ चला. रात में रूक-रूककर कभी तेज तो कभी धीमी बारिश भी हुई. वहीं, पूर्वांचल में दिन में तो आसमान से आग बरसी ही, रात के समय भी तापमान अपने उच्चतम स्तर पर था.

पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार गर्मी का कहर बरप रहा है. तापमान रोज नए रिकॉर्ड छू रहा है. सुबह होते ही लू चलने जैसे अनुभूति होने लग रही है. इसी प्रकार मध्य यूपी में खासकर लखनऊ और कानपुर में आसमान में बादलों की आवाजाही तो है, लेकिन इससे उमस बढ़ गई है. हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने इसे मौसम में अस्थाई बदलाव बताया है. मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से एक बार फिर मौसम साफ होगा और गर्मी बढ़ेगी.

पश्चिमी UP को गर्मी से थोड़ी राहत

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार की शाम को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया. नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत में धूल भरी आंधी चली और झमाझम बारिश हुई. इसी प्रकार मुरादाबाद, आगरा सहारनपुर आदि जिलों में भी आंधी-पानी की स्थिति बनी. इस दौरान हवाओं की स्पीड 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की थी. इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली.

पूर्वांचल में हुए बुरे हाल

मौसम की मेहरबानी केवल पश्चिमी यूपी में ही नजर आई. पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को भीषण गर्मी देखने को मिली. सुबह 10 बजे तक सूर्य की तल्खी इतनी तीव्र थी कि खुले में निकलना मुश्किल हो गया. घर के अंदर भी गर्मी इतनी लगने लगी कि पंखे भी गर्म हवा फेंकने लगने. वहीं दोपहर 12 बजे तक लू चलने का एहसास होने लगा. पूर्वांचल के दर्जन भर जिलों में यह स्थिति कई दिनों से लगातार बनी हुई है.

इस लिए बदला मौसम

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी इनपुट के मुताबिक मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक बनी ट्रफ लाइन की वजह से हुआ है. इन परिस्थितियों में वातावरण में नमी बढ़ी है. इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और बारिश देखने को मिली है. वहीं मध्य यूपी में बादलों की आवाजाही और पूर्वांचल में गर्मी का कहर देखने को मिला है.

आज और बरपेगा कहर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज गर्मी और कहर बरपा सकती है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम बिलकुल साफ होगा. इससे सूर्य की किरणे सीधे धरती पर पड़ेंगी और फिर से मौसम शुष्क हो जाएगा. तेज धूप की वजह से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा-गाजियाबाद में आज अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

Follow Us