एक घंटे तक बाथरुम में बंद रही 7वीं की छात्रा, शिकायत करने पर स्कूल ने लिखवाया माफीनामा

ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अशोक भाटी के मुताबिक उनकी बेटी रोजाना की तरह 19 फरवरी गुरुवार को भी स्कूल गई. लंच ब्रेक के दौरान वह बाथरूम गई तो किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था. छात्रा अंदर फंस गई. बाहर निकलने के लिए वह लगातार आवाज लगाती रही. वह एक घंटे तक बाथरूम में बंद रही. उसने जब इसकी शिकायत की तो उसे डांटा गया और माफीनामा भी लिखवाया गया.

रयान इंटरनेशनल स्कूल Image Credit:

ग्रेटर नोएडा में स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 7 में पढ़ने वाली छात्रा के साथ विद्यालय परिसर के अंदर घटी घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं. छात्रा तकरीबन 1 घंटे तक स्कूल के बाथरूम में बंद रही. मदद के लिए चिल्लाती रही. लेकिन किसी ने समय उसपर ध्यान नहीं दिया. इतना ही नहीं जब उसने इसकी शिकायत की तो पहले उसे डांटा गया. फिर उससे माफीनामा लिखवाया गया.

ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अशोक भाटी ने बताया कि उनकी बेटी रोजना की तरह 19 फरवरी गुरुवार को भी स्कूल गई. लंच ब्रेक के दौरान वह बाथरूम गई थी. इस दौरान किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था. छात्रा अंदर फंस गई. बाहर निकलने के लिए वह लगातार आवाज लगाती रही. लेकिन किसी ने बच्ची की आवाज नहीं सुनी. उनकी बेटी एक घंटे तक बाथरूम में बंद रही. जब सफाई कर्मचारी बाथरूम की ओर पहुंचा तब जाकर दरवाजा खोला गया और बेटी को बाहर निकाला गया.

शिकायत पर मिला उल्टा जवाब

पीड़ित पिता अशोक भाटी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद बच्ची ने अपनी शिक्षिका को पूरी बात बताई तो उसे गंभीरता से लेने की बजाया डांटा गया. उससे एक माफीनामा भी लिखवाया गया. शिक्षिका के इस व्यवहार से बच्ची मानसिक रूप से काफी डर गई. अगले दिन स्कूल भी नहीं गई. परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की है. बच्ची के पिता ने स्कूल की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इस घटना की बेसिक शिक्षा अधिकारी से इस मामले की शिकायत की है.

एक घंटे तक गायब रही बच्ची तो सूचना क्यों नहीं दी गई?

पीड़ित पिता का कहना है कि जब उन्होंने स्कूल प्रबंधन से घटना को लेकर बात की तो स्कूल ने कहा कि नकी बेटी बिना बताए गायब हो गई थी. अगर ऐसा था तो जब बेटी 1 घंटे तक कक्षा में मौजूद नहीं थी तो स्कूल प्रबंधन ने इसकी जानकारी अभिभावकों को क्यों नहीं दी. उन्होंने आगे कहा है कि जब स्कूल से सीसीटीवी फुटेज मांगा गया तो स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई संतुष्ट जवाब नहीं दिया गया.

स्कूल प्रबंधन का पक्ष

फिलहाल, इस मामले पर अब तक स्कूल की तरफ से कोई पक्ष नहीं आया है. अगर स्कूल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है तो उसे भी प्रकाशित किया जाएगा. लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल बच्चों की सुरक्षा को लेकर है. पीड़ित पिता का कहना है स्कूल परिसर में ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक है. फिलहाल बच्ची के पिता ने इस पूरे मामले में प्रशासन से शिकायत की है. अब देखना है इस मामले पर प्रशासन का क्या फैसला आता है.