भैया की साली से था प्यार… दूसरी जगह तय हुई शादी तो काटा गला, खुद भी लगाई फांसी; होटल में मिला दोनों का शव
वाराणसी के एक होटल में प्रेमी जोड़े का शव मिला है. युवती की शादी कहीं और तय होने से नाराज युवक ने कथित तौर पर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगा ली. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश में वाराणसी के एक होटल में एक युवक और युवती के शव मिले हैं. युवती का शव कमरे के बॉथरूम में पड़ा मिला. वहीं युवक का शव होटल में पंखे से लटका हुआ था. युवती की मौत गला काटने की वजह से हुई है, जबकि युवक की मौत की वजह फांसी बताई जा रही है. मामला वाराणसी में बड़ागांव थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट रोड स्थित होटल का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कराया. इसमें पता चला कि युवती के गले पर किसी धारदार हथियार से कटे का निशान है. काफी खून बहने की वजह से उसकी मौत बताई जा रही है. वहीं युवक का शव उसी कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराई और फिर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस दौरान फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य को इकट्ठा किया है.
सोमवार की रात होटल में आए थे दोनों
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान बीएलडब्ल्यू पहाड़ी गेट निवासी 20 वर्षीय विकास केसरी के रूप में हुई है. सोमवार की रात वह बड़ागांव बसनी की रहने वाली 23 वर्षीय प्रिया केसरी के साथ होटल में आया था. परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रिया विकास के बड़े भाई की साली थी. दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बीच प्रिया के घर वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी.
फिर दोनों ने बनाया खौफनाक प्लान
प्रिया की शादी की सूचना पर विकास काफी नाराज था. उसने प्रिया से बात की और फिर दोनों ने मिलकर खौफनाक प्लान बना लिया. प्लान के मुताबिक दोनों सोमवार को होटल पहुंचे, जहां दोनों के शव मिले हैं. पुलिस के मुताबिक संभव है कि विकास ने पहले प्रिया की गला रेत कर हत्या की हो और उसके बाद खुद फांसी लगाया हो. इधर, काफी देर बाद भी कमरे से दोनों की कोई हलचल नहीं मिली तो होटल कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ही मास्टर की तो कमरे का दरवाजा खोला और दोनों का शव बरामद किया है.
जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी में एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र के मुताबिक पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य को इकट्ठा किया है. इस संबंध में पुलिस दोनों के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है. जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा होगा.
