दोस्ती से दुश्मनी तक, डेढ़ साल पहले ही लिखी जा चुकी थी नितिन के मर्डर की कहानी, हमलावरों का गैंगस्टर सुंदर भाटी गैंग से कनेक्शन

ग्रेटर नोएडा में 24 फरवरी को नितिन नागर हत्याकांड की कड़ी डेढ़ साल पहले हुए एक मर्डर से जुड़ी हुई है. नितिन की हत्या से जुड़ी जो कहानी सामने आ रही है वह फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. फिलहाल, पुलिस ने इस मामले एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है.

नितिन नागर हत्याकांड

ग्रेटर नोएडा के लुकसर गांव में मंगलवार यानी 24 फरवरी को नितिन नाम के युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर और चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फिलहाल, इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी मोनू को पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर कर अरेस्ट कर लिया है. वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है.

इस मर्डर की कहानी काफी फिल्मी है. इसकी कड़ी डेढ़ साल पहले हुए एक हत्या से जुड़ी हुई है. दरअसल, नितिन नागर और विनय नाम के युवक में दोस्ती थी. दोनों साप्ताहिक बाजार में बिजली सप्लाई का काम करते थे. इस दौरान नितिन की लड़ाई विनय के भाई से हो गई. इसके कुछ वक्त बाद ही नितिन की पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

नितिन और उसके परिवार को पिता की मौत साधारण नहीं लगी. उसे शक था कि पिता की मौत के पीछे कहीं ना कहीं विनय के भाई सचिन का हाथ है. नितिन इसके लिए एफआईआर दर्ज कराने पुलिस के पास पहुंचा था. तब पुलिस ने इसे फर्जी केस बताकर मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया.

अपने पिता की हत्या के शक में नितिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर विनय की गोली मारकर हत्या कर दी. इस मामले में नितिन जेल भी गया. यहीं से विनय के भाई सचिन के मन में नितिन से बदला लेने की टीस पनपने लगी. सचिन ने नितिन की हत्या का प्लान तैयार कर लिया. मौका देखते ही 24 फरवरी को वारदात को अंजाम दे दिया.

इस बीच विनय की हत्या के मामले में आरोपित नितिन जमानत पर बाहर आया हुआ था. उसे मंगलवार में कोर्ट में पेशी के लिए जाना था. इसके लिए जैसे ही वह घर से कोर्ट जाने के लिए बाहर गली में अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ा, वैसे ही , तीनों हमलावर (सचिन, मोनू, जीते) सामने से आए और नितिन को पीटने लगे.

हमले के दौरान एक हमलावर ने नितिन को गोली मार दी. आरोप है कि इस दौरान नितिन का गला भी धारधार हथियार से काट दिया गया. इन सबके बीच चीख-पुकार सुनकर बाहर निकली नितिन की पत्नी ने हमलावरों से पति को छोड़ देने की मिन्नतें कीं, लेकिन हमलावरों ने उसे भी बंदूक दिखाकर डराया और उसपर गोली चला दी, जो सीधे गेट में लगी.

नितिन को गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गए. अब इस मामले में एक और खुलासा हुआ है हमलावर तीन नहीं बल्कि 5 थे. दो हमलावर छत पर भी थे, जो ऊपर से गोली चला रहे थे. बताया जा रहा है कि सचिन और उसके साथियों का लिंक सुंदर भाटी गैंग से है. इस बीच पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मोनू का हॉफ एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक उन्हें पता चला इस हत्याकांड का आरोपी मोनू भागने की फिराक में था. जब हम उसे गिरफ्तार करने पहुंचे तो उसने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी.पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोनू घायल हो गया. उसके पैर पर गोली लगी. पुलिस ने तुरंत मोनू को अरेस्ट कर उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. इस केस में कुल 7 नामजद समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज किया गया है.