ग्रेटर नोएडा वेस्ट: दोस्तों संग होली खेल रहा था 14 साल का बच्चा, मुंह में घुस गया पार्क में लगा सरिया

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अजनारा होम्स सोसाइटी में होली खेलते वक्त मुंह में सरिया घुसने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, एक अन्य बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई हैं. सोसाइटी के लोगों ने इन दोनों घटनाओं के लिए बिल्डर और मेंटनेंस टीम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है.

होली खेलते हुए सरिये से दो बच्चे घायल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में बड़ा हादसा हो गया. यहां दोस्तों संग होली खेल रहे 14 साल के मासूम बच्चे के मुंह में लोहे का नुकीला सरिया घुस गया. इसके अलावा एक अन्य बच्चे के सिर पर भी सरिया लगने से गंभीर चोट आई है. इस हादसे के बाद सोसायटी परिसर में अफरातफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चा सोसाइटी के ओपन पार्क एरिया में अपने दोस्तों के साथ होली खेल रहा था. इस दौरान दौड़ते हुए बच्चा अपना संतुलन खो बैठा. फिर पौधों के चारों ओर लगाए गए लोहे के सरिये से जा टकराया . सरिया का नुकीला हिस्सा सीधे उसके मुंह के अंदर घुस गया. देखते ही देखते बच्चा खून से लथपथ हो गया.

आननफानन में बच्चे को कराया अस्पताल में भर्ती

खून से लथपथ देख बच्चे के परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका प्राथमिक उपचार किया गया. फिर घर भेज दिया गया. वहीं दूसरी बच्चा भी इसी दौरान खेलते समय सरिए से टकरा गया. इससे उसके सिर पर काफी चोट आई है. घबराए परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए. प्राथमिक इलाज के बाद उसे भी घर भेज दिया गया.

बिल्डर और मेंटेनेंस कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप

एक के बाद एक दो घटनाओं ने सोसाइटी के लोगों की चिंताएं बढ़ा दी है. इसे सरासर बिल्डर और मेंटेनेंस कर्मचारियों लापरवाही मान रहे हैं. सोसाइटी निवासियों का कहना है कि अगर सरिया बच्चे के मुंह के थोड़ा और अंदर चला गया होता तो उसकी जान बचाना भी मुश्किल होता है. पार्क जैसे एरिया में इस तरह की लापरवाही से उन्हें अब अपने बच्चों की चिंता हो रही है

सोसाइटी निवासियों ने मेंटनेंस टीम पर उठाए सवाल

सोसायटी निवासियों ने मेंटेनेंस टीम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि हाल ही में परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाए गए थे. पौधों की सुरक्षा के नाम पर उनके चारों और लोहे का सरिया लगा दिया गया है. ऐसे में अब पार्क भी बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित नहीं रह गया. अब डर लग रहा है कि खेल रहे बच्चों के साथ कोई हादसा ना हो जाए.